टीएमएच के पास धातकीडीह हरिजन बस्ती में रविवार रात घर में घुसकर धारदार हथियार से सिर पर हमला कर जूली घोष (38) की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को रजाई से ढंक कर हमलावर फरार हो गया। घटना की जानकारी रात करीब 8.30 बजे हुई, जब मृतका का बेटा सन्नी घोष खाना लेने घर पहुंचा। जूली की लाश देखने पर सन्नी ने शोर मचाया तो लोग जुटे। फिर पुलिस को सूचना दी गई। जूली की जिस तरह हत्या की गई है, अमूमन ऐसा संबलपुर में देखने को मिलता है। जूली घोष के पति कल्लू घोष की शराब के धंधे में वर्चस्व को लेकर 16 मई 2018 को हत्या हो चुकी है।
सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट और डीएसपी (सीसीआर) अरविंद कुमार ने घटनास्थल पर सभी बिंदू पर जांच की। जूली के कमरे में पड़ी शराब की चार बोतल जब्त की। हैरानी की बात है कि जिस जगह जूली का घर है, उस रास्ते पर काफी चहल-पहल रहती है। रविवार शाम महज 20 कदम की दूरी पर चबूतरा पर दर्जनों लोग बैठे थे, पर किसी को हत्या की भनक तक नहीं लगी। सूत्रों के अनुसार, हमलावर ने जूली के घर के आगे और पीछे दोनों तरफ के दरवाजा अंदर से बंद कर घटना को अंजाम दिया। हमलावर के विंडो एसी के रास्ते से घर में घुसने की संभावना जताई जा रही है, क्योंकि विंडो एसी मरम्मत के लिए गया हुआ है।
रोज खाना पहुंचता था, आज नहीं मिला तो खुद लेने पहुंचा; कमरे में जाने पर मिली लाश- सन्नी
मेरे पिता कल्लू घोष की हत्या हो चुकी है। मां जूली पिता की दूसरी पत्नी थी। मैं घटनास्थल से कुछ दूरी पर दादी व मामा काली घोष के साथ रहता हूं। मां रोजाना रात 8.30 बजे तक खाना दादी के घर भेजवा देती थी। रविवार रात खाना नहीं पहुंचा तो मैं खुद मां के घर आया। सामने का दरवाजा खटखटाया तो वह बंद था। फिर पीछे से ग्रिल खोलकर अंदर गया तो कमरा का दरवाजा अंदर से बंद मिला। मैंने पड़ोसी से मां के बारे में पूछताछ की, लेकिन किसी ने कुछ नहीं बताया। फिर मैंने मां को फोन किया। कमरे के अंदर घंटी बजती सुनाई पड़ी। तब मैं विंडो एसी के रास्ते से अंदर घुसा। कमरे में रजाई हटाने के बाद मां की लाश मिली। हत्या किसने और क्यों की, इसकी कोई जानकारी नहीं हो पाई है। जैसा मृतका के बेटे सन्नी घोष ने दैनिक भास्कर को बताया।
घर से कुछ दूरी पर चबूतरे पर बैठे थे दर्जनों लोग, पर किसी को भनक तक नहीं
महिला की घर में घुसकर धारदार हथियार से हमलाकर हत्या की गई है। हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस छानबीन कर रही है। सभी बिंदू पर जांच की जा रही है।
सुभाष चंद्र जाट, सिटी एसपी
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3pKQtxc
via IFTTT
Comments
Post a Comment