Skip to main content

44 केंद्रों में लगेगी कोरोना की वैक्सीन पहली खेप में आएंगे 13 हजार 900 डोज

जिले में कोरोना वैक्सीन लगाने की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। इसी माह जिले में वैक्सीन भी पहुंचने की उम्मीद है। कोरोना का टीका (वैक्सीन) लगाने के लिए 44 केन्द्र बनाए गए हैं, जो प्राथमिक, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के साथ जिला स्तर पर हैं।

स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के मुताबिक पहले चरण की सूची में जितने लोगों के नाम जिले से गए हैं उससे 1:11 के अनुपात में जिले में टीके का डोज भेजा जाएगा। जशपुर जिले में पहले चरण में 12 हजार 529 लोगों काे टीके लगाए जाने है। इस हिसाब से यहां करीब 13 हजार 900 डोज आ सकते हैं।

जिले में वैक्सीन भंडारण की व्यवस्था भी पूरी की है। सीएमएचओ कार्यालय में दो बड़े टीका भंडारण कक्ष हैं। सबसे पहले यहीं टीका स्टोर किया जाएगा। इसके अलावा पत्थलगांव, कुनकुरी, कांसाबेल, दुलदुला, बगीचा, लेादाम, मनोरा, कांसाबेल और कुनकुरी के सीएचसी में भी कोरोना की वैक्सीन स्टोर की जाएगी।

प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में सन्ना, पंडरापाठ, कुर्रोग, तमता, शेखरपुर, लुड़ेगा, सुरंगपानी, कोतबा, बागबहार और तपकरा में कोल्ड स्टोरेज प्वाइंट की व्यवस्था है। साथ ही सात नए कोल्ड स्टोरेज प्वाइंट प्राथमिक स्वास्थ केन्द्र भेलवां, बगिया, आरा, पैकू, आस्ता, चंपा व मैनी में भी खोले जा चुके हैं।

फ्रंट लाइन वर्करों को लगेगा टीका

पहले चरण में हेल्थ वर्कर, मितानिन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को टीका लगाया जा रहा है। इसके बाद दूसरे चरण में फ्रंट लाइन वर्कर को शामिल किया जाएगा।

इसमें पुलिस कर्मी व कोरोना में सेवा दे रहे अन्य विभागों के कर्मियों को जोड़ा जाएगा। तीसरे चरण में दो भागों में टीकाकरण का काम किया जाना है। पहले भाग में 50 साल के अधिक उम्र वालों को टीका लगाया जाएगा। इसके बाद 50 साल के कम उम्र वाले ऐसे सभी लोगों को शामिल किया जाएगा जिन्हें शुगर, हाइपर टेंशन, कैंसर या अन्य बीमारियां हैं और उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता पुरानी बीमारी के कारण कम है।

कलेक्टर ने तैयारी पर की चर्चा

कोरोना वैक्सीनेशन की तैयारी को लेकर कलेक्टर महादेव कावरे ने शनिवार को स्वास्थ्य अमले की बैठक ली। बैठक में सीएमएचओ डॉ.पी सुथार ने बताया कि जिले में टीकों के भंडारण की समुचित व्यवस्था की जा रही है। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र के नजदीक ही सामुदायिक भवन, शाला भवन को टीका केंद्र के रूप में प्रयोग में लेने की बात कही। उन्होंने कोविड-19 टीकाकरण की सफलता के लिए जिले में दल का गठन कर कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित करने एवं उनकी सूची कार्यालय में उपलब्ध कराने की बात कही।

चार टीएलआर फ्रीजर आए

कोरोना वैक्सीन को नए बने कोल्ड चेन प्वाइंट के लिए जिले में 4 नए टीएलआर फ्रीज आ चुके हैं। इसके अलावा 3 फ्रीज और आएंगे। टीएलआर फ्रीज में कोरोना की वैक्सीन रखी जा सकती है क्योंकि कई वैक्सीन ऐसे हैं जिसे 2 से 8 डिग्री के तापमान पर सुरक्षित रखा जा सकता है। हालांकि अभी यह तय नहीं हो पाया है कि प्रदेश में कौन सा टीका पहुंचेगा।

ऐसे होगा टीकाकरण

कोरोना के सर्विलेंस ऑफिसर डॉ.आरएस पैंकरा ने बताया कि कोविड-19 का टीकाकरण बूथ के लिए ऐसे भवनों को चिन्हित किया गया है जिसमें कम से कम तीन कमरे हों। पहले कमरा वेटिंग रूम होगा। जिसमें टीका लगवाने पहुंचे लोग बैठकर इंतजार करेंगे। मतदान की तर्ज पर टीका लगवाने पहुंचे व्यक्ति की पहचान इसी वेटिंग रूम में की जाएगी।

टीकाकरण दल के कर्मचारियों के पास लिस्ट होगी। दूसरे कक्ष में टीका लगाने का काम किया जाएगा। तीसरे कक्ष अब्जर्वेशन कक्ष है। टीका लगवाने के बाद व्यक्ति को इसी कक्ष में आधे घंटे तक रहना पड़ेगा। टीका लगने के बाद किसी काे कोई समस्या तो नहीं हो रही है यह जांचने के बाद ही संबंधित व्यक्ति को घर जाने दिया जाएगा।

टीकाकरण दल में होंगे पांच कर्मचारी

टीकाकरण के काम के लिए दल का गठन किया है। हर दल में 5 कर्मचारी शामिल होंगे। इस पांच कर्मचारियों में 1 सुरक्षाकर्मी, दो टीका लगाने के लिए, एक वेटिंग रूम में और एक कर्मचारी अब्जर्वेशन कक्ष में होगा।





Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Corona vaccine will be installed in 44 centers in the first batch 13 thousand 900 doses


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3pKivZG
via

Comments