Skip to main content

एमजी रोड का बिजली बाजार कमल विहार में होगा शिफ्ट, व्यापारियों ने मांगीं 180 दुकानें, आरडीए राजी

शहर के लोगों के लिए राहत की बड़ी खबर। एमजी रोड, जवाहर नगर और रामसागरपारा के थोक बिजली कारोबारियों को कमल विहार में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कारोबारियों ने आरडीए से 180 दुकानें मांगी है। कारोबारियों की मांग पर आरडीए दुकानें देने को राजी हो गया है। थोक बिजली कारोबार की शिफ्टिंग से एमजी रोड से ट्रैफिक का दबाव कम होगा। लोग अनावश्यक जाम में नहीं फंसेंगे। अभी यहां किसी भी तरह की पार्किंग नहीं है। थोक सामान लाने वाली गाड़ियों को दुकान के सामने खड़ी कर माल अनलोड किया जाता है। इस वजह से शारदा चौक से गुरुनानक चौक के बीच ट्रैफिक प्रभावित होता है।
रोड पर सबसे ज्यादा स्थिति शाम को बिगड़ती है, जबकि सामान्य ट्रैफिक का प्रेशर बढ़ता है और उसी दौरान बिजली का सामान लेकर माल वाहक एंट्री करते हैं। इस सड़क के ट्रैफिक का असर स्टेशन रोड, रामसागरपारा, तेलघानी नाका, केके रोड और फाफाडीह तक पड़ता है। इस वजह से यहां दुकानें शिफ्ट होने की दशा में कई तरह की परेशानियां खत्म हो जाएंगी और लोगों को जाम से राहत मिलेगी।

कारोबारियों ने की कीमत कम करने की मांग
छत्तीसगढ़ चैंबर अध्यक्ष जितेंद्र बरलोटा, चेयरमैन योगेश अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष ललित जैसिंघ, इलेक्ट्रिकल संघ के सचिव अमरदास खट्‌टर, श्याम महेश्वरी, राधाकिशन सुंदरानी और विनय बजाज ने बताया कि आरडीए ने दुकानों के लिए 2678 और 2025 रुपए प्रति वर्गफीट की दर से जमीन देने की बात कही है। लेकिन एक साथ बड़ी संख्या में जमीन लेने की वजह से कारोबारियों ने इसमें राहत देने की मांग की है। आरडीए अफसरों ने कहा है कि फिलहाल प्राधिकरण के सीईओ अय्याज तंबोली बाहर हैं। वे जैसे ही वापस लौटेंगे कीमत पर भी बात कर ली जाएगी।

जमीन खरीदने के लिए सहमति
एमजी रोड और उसके चारों ओर थोक बिजली का कारोबार करने वाले करीब 180 व्यापारियों ने कमल विहार में जमीन मांगी है। जमीन की खरीदी के लिए रायपुर इलेक्ट्रिकल एसोसिएशन ने अपनी सहमति दे दी है। इसके बाद ही एसोसिएशन के सदस्यों के साथ छत्तीसगढ़ चैंबर के पदाधिकारियों ने रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष सुभाष धुप्पड़ से मुलाकात की। दो दौर की बातचीत के बाद सहमति बन गई कि आरडीए थोक कारोबारियों को जमीन का आवंटन करेगा।
अफसरों ने जगह भी दिखाई
आरडीए के अफसरों ने सभी कारोबारियों को कमल विहार में जहां कमर्शियल प्लॉट हैं वहां की जमीन दिखाई। दो-तीन सेक्टरों की जमीन देखने के बाद सेक्टर 7 ब्लॉक डी में व्यापारियों के लिए जमीन तय कर दी गई। हालांकि इस सेक्टर में अभी 1750, 1260, 2200 वर्गफीट के प्लॉट हैं। कारोबारियों ने कहा है कि सभी प्लॉट 1000 वर्गफीट में होने चाहिए। इसमें कई प्लॉट आवासीय हैं जिनका लैंड यूज चेंज करना होगा। अफसरों ने भरोसा दिलाया कि तकनीकी रूप से कोई अड़चन नहीं है। इसलिए यह काम किया जा सकता है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
MG Road's electricity market will shift in Kamal Vihar, traders sought 180 shops, RDA agreed


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2MJoFel
via

Comments