धान खरीदी में अव्यवस्था, बारदाने की कमी व सरकार के दोहरे रवैए के विरोध में भाजपा 13 जनवरी को सभी 90 विधानसभाओं में बड़ा आंदोलन करेगी। इसकी तैयारियों के लिए 7 जनवरी को सभी जिला प्रभारियों को अपने-अपने प्रभार जिले में बैठकें करने के निर्देश दिए गए हैं। इसकी रूपरेखा तय करने बुधवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भी वरिष्ठ नेताओं की बैठक होगी।
छत्तीसगढ़ के जिलों का दौरा कर रहीं प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी और सह प्रभारी नितिन नवीन को धान बेचने के दौरान किसानों को हो रही समस्याओं की जानकारी मिली। इन सब मुद्दों को लेकर सोमवार रात को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में एक अहम बैठक हुई। इसमें दोनों प्रभारियों के अलावा पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, संगठन महामंत्री पवन साय सहित तीनों महामंत्री भी शामिल हुए। इस दौरान धान खरीदी के मुद्दे पर बड़े आंदोलन पर चर्चा की गई। दोनों प्रभारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ आक्रामक ढंग से सभी विधानसभा में एक साथ प्रदर्शन करने कहा है। यही वजह है कि सभी प्रभारियों को भी अपने-अपने जिलों में बैठक लेकर तैयारी करने के लिए कहा गया है। प्रदेश प्रभारियों को मिले इनपुट के आधार पर यह पहला बड़ा आंदोलन होगा।
नितिन लौटे, पुरंदेश्वरी आज जाएंगी भुवनेश्वर
तीन दिन के दौरे के बाद सह प्रभारी नितिन नवीन मंगलवार शाम को ही पटना के लिए लौट गए। प्रदेश प्रभारी पुरंदेश्वरी बुधवार को भुवनेश्वर जाएंगी। वे ओडिशा की भी प्रभारी हैं। तीन दिन में प्रभारियों ने प्रदेश पदाधिकारियों के साथ दो-दो जिलों और कई मंडलों में मैराथन बैठकें कीं। कार्यकर्ताओं से मिले और उन्हें पार्टी के लिए काम करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस महीने के अंतिम सप्ताह में दोनों प्रभारी फिर से दौरे पर आ सकते हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2LrklQ1
via
Comments
Post a Comment