Skip to main content

Jharkhand daily news

साकची और बिष्टुपुर में सड़क किनारे पांच-छह साल पहले बनाए गए पार्किंग स्थल पर ही वाहन पार्क किए जाएंगे। दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित हाेने के बाद प्रशासन अब व्यवस्था में बदलाव की तैयारी में जुट गया है। पांच-छह साल पहले तत्कालीन डीसी डाॅ. अमिताभ कुमार और तत्कालीन एसडीओ (वर्तमान में जिले के डीसी) सूरज कुमार की पहल पर साकची व बिष्टुपुर में सात स्थानों पर पार्किंग स्थल का चयन किया गया था। पार्किंग बनाने के लिए टाटा स्टील के क्वार्टरों को भी तोड़ा गया।

बिष्टुपुर की पार्किंग स्थल पर वाहनों की सुरक्षा के लिए चहारदीवारी का भी निर्माण कराया गया था, पर उस समय इन दोनों के तबादला के बाद निर्माण कराए गए पार्किंग स्थल का उपयोग नहीं हुआ। पार्किंग स्थल पर वाहनों की पार्किंग के लिए शुल्क का भी निर्धारण किया गया था। दुकानदार व वहां काम करने वाले कर्मचारियों के वाहन पार्किंग के लिए मासिक शुल्क का निर्धारण किया गया था। लेकिन अब डीसी सूरज कुमार फिर से उस पुरानी व्यवस्था को लागू करने के लिए अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं।

शहर में इन स्थानों पर पार्किंग कराने की चल रही तैयारी

बिष्टुुपुर बैंक ऑफ बड़ौदा के पीछे, बिष्टुपुर डायगनल रोड के पिछले हिस्से में तिलका पुस्तकालय के करीब, साकची कोल्ड स्टोरेज के समीप, साकची में शहीद चौक के विपरीत दिशा में, साकची गोलचक्कर से बंगाल क्लब जाने वाले रास्ते के बाएं छोर पर, साकची गोलचक्कर से बारीडीह जाने वाली सड़क के किनारे एक मिठाई दुकान के पिछले हिस्से में और साकची टैंक रोड में टिना शेड दुकान व सड़क के बीच खाली स्थान पर।

पार्किंग में हो गया है कब्जा

साकची गोलचक्कर से बंगाल क्लब की ओर जाने वाले रास्ते के बाएं छोर पर बनाए गए कुछ स्थानों पर वाहनों की पार्किंग होती है, पर अधिकांश स्थानों पर गैरज वालों ने अतिक्रमण कर लिया है। साथ ही साकची टैंक रोड व टिना शेड की खाली पड़ी जमीन पर फुटपाथी दुकानदारों को कब्जा हो गया है। इन दोनों स्थानों को खाली कराया जाएगा और दो पहिया व चार पहिया वाहनाें की पार्किंग इन दोनों स्थानाें पर शिफ्ट किया जाएगा।

जल्द ही व्यवस्था में बदलाव होगा

शहर में नए तरीके से पार्किंग व्यवस्था लागू होगी। सड़कों के किनारे वाहन खड़े नहीं होंगे। प्रशासनिक स्तर पर इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। जल्द ही बदलाव दिखेगा। प्रशासन का प्रयास है कि आम लोगों को राहत मिल सके।
-सूरज कुमार, डीसी, पूर्वी सिंहभूम



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Parking of vehicles will be done at fixed places of administration instead of road, DC said - new way parking system will be implemented in the city, vehicles will not stand on roads


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3hed3Li
via IFTTT

Comments