धान खरीदी केंद्र घुमका में मंगलवार को किसान करण साहू के मौत की वजह तबीयत बिगड़ना थी। एसडीएम मुकेश रावटे ने इस संबंध में प्राथमिक जांच कर बुधवार को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। रिपोर्ट के मुताबिक मृतक के पुत्र, सहायक समिति प्रबंधक दुलेश वर्मा और ठेकेदार दाऊलाल दुबे ने बताया कि गिधवा निवासी करण साहू बीते कई दिनों से बीमार चल रहे थे। चक्कर आने के बाद वह कुछ समय धान की बोरे से टिककर बैठे, फिर वहीं गिरकर बेहोश हो गए। किसान को एम्बुलेंस से सीएचसी घुमका ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं रिपोर्ट के मुताबिक मौके पर अन्य किसी किसान ने ऐसी शिकायत नहीं दर्ज कराई है कि धान बेचने के एवज में उनसे रुपए मांगे गए थे। जांच रिपोर्ट में मृतक की कुल कृषि भूमि, विभिन्न वर्ष में पंजीकृत डाटा, मनरेगा जॉब कार्ड, उससे हुए भुगतान और धान बिक्री से मिली राशि का ब्योरा भी दर्ज किया गया है।
रुपए मांगने जैसी कोई शिकायत नहीं
"एसडीएम ने जांच की अंतरिम रिपोर्ट प्रस्तुत की है। धान बेचने वाले दूसरे किसानों से भी बयान लिया गया है। अन्य किसी किसान ने धान बेचने के लिए रुपए की मांग करने जैसी बात की जानकारी नहीं दी हैं। केवल मृतक किसान के परिजन ही ऐसा आरोप लगा रहे हैं।"
-टोपेश्वर वर्मा, कलेक्टर
सीएम भूपेश के निर्देश पर ऑनलाइन पेमेंट, किसानों को मिले 1563 करोड़
प्रदेश में अब तक 13 लाख 21 हजार मीट्रिक धान की खरीदी कर ली गई है। सीएम के निर्देश पर धान बेचने वाले सभी किसानों को ऑनलाइन पेमेंट करने निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत अब तक 9 दिनों में 3 लाख 69 हजार 561 किसानों को 1563 करोड़ रुपए का भुगतान हो चुका है।
सभी किसानों से समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही है। इस पर सीएम भूपेश बघेल सतत निगरानी रखे हुए है। सीएम ने अफसरों से खरीदी में किसानों को किसी भी तरह की परेशानी न होने के निर्देश दे रखे हैं। इसके अलावे राज्य के मिलरों को एक लाख 9 हजार 433 मीट्रिक टन धान का डी.ओ. जारी किया जा चुका है। जिसके विरूद्ध मिलरों द्वारा 3 हजार 437 मीट्रिक टन धान का उठाव कर लिया गया है। राज्य के महासमुंद जिले में सर्वाधिक एक लाख 3 हजार 913 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3qSJxPY
via
Comments
Post a Comment