भाजपा में अब परफार्मेंस बेस्ड राजनीति होगी। यानी अब परिक्रमा करके कोई नेता नहीं बन पाएगा, उसे जमीन पर काम करना ही पड़ेगा। साथ ही इसकी जानकारी प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी व सह प्रभारी नितिन नवीन को देनी होगी। ऐसी रिपोर्ट मंडल अध्यक्ष से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक को देनी होगी। भाजपा में होने वाली सभी गतिविधियों की रिपोर्ट यही रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा छत्तीसगढ़ के मामले में प्रभारी और सह प्रभारी के अलावा सिर्फ प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय से ही बात करेंगे। प्रदेश के दो दिवसीय दौरे में दोनों प्रभारियों ने पार्टी पदाधिकारियों को स्पष्ट मैसेज दे दिया है कि परिक्रमा करने के बजाय सभी को परफॉर्मेंस दिखाना होगा।
दो दिन की समीक्षा बैठक में यही यह संदेश दिया गया कि हरेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता के काम की समीक्षा होगी। दो प्रभारी इसलिए बनाए गए हैं ताकि यहां लगातार आना-जाना रहे। पहली बैठक में ज्यादा समय परिचय, राज्य की बातें सुनने और केंद्रीय नेतृत्व के बारे में बताने में ही गुजरा। माना जा रहा है कि इसी महीने के अंत तक प्रदेश प्रभारियों में से किसी एक का फिर दौरा हो सकता है। इसके बाद लगभग हर महीने आना-जाना होगा। खास बात यह है कि हर दिन की रिपोर्ट दोनों प्रभारियों को भेजी जानी है। इसमें कार्यक्रम और प्रेस बयान से लेकर मीडिया में आने वाली खबरें भी शामिल होंगी।
हर जिले और मंडलों तक जाएंगे प्रभारी : प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और सांसद-विधायकों के साथ बैठक में यह भी तय किया गया है कि प्रदेश प्रभारी हर जिले व मंडल का दौरा करेंगी। चुनाव के लिए एक हजार दिन बचे हैं। हर दिन के कामकाज की प्लानिंग होगी। इसी प्लान के आधार पर काम होगा। इसकी निगरानी के लिए अलग-अलग स्तर तय किए जाएंगे। यही वजह है कि पहले चरण में जितनी नियुक्तियां बची हैं, उसे करनी है। संभाग व जिला स्तर पर भी प्रभारी बनाए जाने हैं।
पार्टी फोरम में ही रखें बातें : गुटबाजी और संगठन के विरोध में बातें करने वालों को भी चेताया गया है कि वे पार्टी फोरम में ही अपनी बातें रखें। यहां तक कि प्रदेश प्रभारी पुरंदेश्वरी ने भी मीडिया के सवालों को यह कहकर टाल दिया कि संगठन के स्तर पर जो समीक्षा की गई है, वह पार्टी के भीतर का मसला है। इसे वे उजागर नहीं कर सकतीं। यही संदेश कार्यकर्ताओं के लिए भी है।
सत्र के दौरान फिर आ सकती हैं पुरंदेश्वरी
प्रदेश प्रभारी पुरंदेश्वरी बुधवार सुबह रायपुर से कोलकाता होकर भुवनेश्वर चली गईं। उनके पास ओडिशा का भी प्रभार है। वहीं सह प्रभारी नितिन नवीन दिल्ली लौट गए। जाते-जाते पुरंदेश्वरी अपना दूसरा दौरा इसी माह करने की बात कह गईं। संकेत हैं कि वह 21 दिसंबर के बाद किसी भी दिन आएंगी। सत्र के दौरान भाजपा विधायकों का परफार्मेंस देखेंगी। शीत सत्र 29 दिसंबर तक चलना है। उस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्ढा के दौरे की पूरी तैयारी करेंगी। नड्ढा जनवरी के दूसरे सप्ताह दो दिन के दौरे पर रहेंगे।
सरकार के खिलाफ जल्द बड़ा आंदोलन
राज्य सरकार के खिलाफ भाजपा जल्द ही बड़े आंदोलन की तैयारी में है। किसानों की आत्महत्या और धान खरीदी में आ रही परेशानियों के मुद्दे पर संभवत: भाजपा आंदोलन कर सकती है। स्थानीय स्तर पर भी समस्याओं को क्षेत्रीय नेता उठाएंगे। इसके अलावा जनवरी में राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के तीन दिन के प्रवास की तैयारियां भी करनी है। इसमें भी हर जिले व मंडल स्तर पर प्रभारियों द्वारा जो जिम्मेदारियां बांटी गई है, उनको पूरा किया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/372i0nf
via
Comments
Post a Comment