Skip to main content

मुढ़ीपार चौक से पिथौरा तक तैनात थी पुलिस, फिर भी चकमा देकर मुरई धोवा नाला से पहुंच गए किसान

सरकड़ा सोसायटी के किसानों ने शनिवार को एनएच-53 पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान करीब 1 घंटे तक हाइवे जाम रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने किसानों से चक्काजाम समाप्त करने का अनुरोध किया, लेकिन किसान नहीं माने। आखिरकार सभी को हिरासत में लेकर एकलव्य स्कूल परिसर ले जाया गया। परिसर को अस्थाई जेल बनाया गया था। इस दौरान आंदोलन में शामिल 112 लोगों के खिलाफ 151 की कार्रवाई की गई है।

इसमें 60 पुरुष और 52 महिलाएं शामिल हैं। सरकड़ा सोसायटी के किसान पटपरपाली में धान खरीदी केंद्र शुरू करने का विरोध कर रहे हैं। किसानों की मांग है कि धान खरीदी के लिए स्थल में परिवर्तन न की जाए, इससे किसानों को अधिक दूरी जाकर धान बेचना होगा। इसके चलते किसान पिछले पांच दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। किसानों ने सरकड़ा सोसायटी में ताला जड़ दिया है और रोजाना सोसायटी के सामने आंदोलन कर रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को किसानों ने चक्काजाम की योजना बनाई थी।

किसानों ने नहीं मानी बात तो किया गिरफ्तार, जमकर नारेबाजी

प्रशासन और पुलिस ने किसानों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं मानें और एनएच पर डटे रहे। आखिरकार सभी को गिरफ्तार कर लिया। जैसे ही पुलिस लोगों को पकड़ने लगी, महिलाएं उग्र हो गई और विरोध करने लगी। आखिरकार पुलिस ने सभी को जबरिया उठाकर बस में बिठाया। इस दौरान किसानों ने जमकर नारेबाजी की।

6 लोगों के खिलाफ एनएच जाम करने की हो सकती है कार्रवाई

एनएच-53 में चक्काजाम के मामले में पुलिस ने कुल 112 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। वहीं इनमें से 6 के खिलाफ अलग से कार्रवाई की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार चक्काजाम के सूत्रधार 6 लोगों के खिलाफ चक्काजाम करने के मामले में भी अपराध दर्ज किया जा सकता है।

पटपरपाली में केंद्र शुरू करने का विरोध

सरकड़ा सोसायटी के किसान पटपरपाली में धान खरीदी केंद्र शुरू करने का विरोध कर रहे हैं। शनिवार को चक्काजाम की सूचना के बाद पिथौरा थाना क्षेत्र में मुढ़ीपार चौक से लेकर पिथौरा शहर तक बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पिथौरा, बसना, सरायपाली, पटेवा सहित जिलेभर के थानों की पुलिस के साथ ही लाइन से अतिरिक्त बल भेजा गया था।

बावजूद इसके किसान चक्का जाम करने में सफल रहे। किसान मुरई धोवा नाला से होते पैदल नेशनल हाइवे पर पहुंचे और पोटापारा तालाब के सामने चक्काजाम किया। चक्काजाम करीब 1.20 बजे शुरू हुआ और 2.30 बजे एनएच में जाम की स्थिति रही। मौके पर सरायपाली एसडीएम कुणाल दुदावत ने किसानों काे समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान मानें नहीं। उन्होंने किसानों का प्रतिनिधि मंडल चुनकर भेजने की बात कही।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
पिथौरा। सरकड़ा में धान खरीदी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3qwhqWy
via

Comments