Skip to main content

कई फ्राड कंपनियों के सीए निशाने पर, जीएसटी ने बनाई लिस्ट

रायपुर, भिलाई, दुर्ग, बिलासपुर समेत छत्तीसगढ़ के कई जिलों में 50 करोड़ की जीएसटी चोरी का भंडाफोड़ होने के बाद कई चार्टर्ड अकाउंटेंट सेंट्रल जीएसटी के निशाने पर हैं। प्रारंभिक जांच में करीब 30 ऐसे कारोबारियों के नाम सामने आए हैं जिनके कारोबार का लेन-देन संदिग्ध है। विभाग ने इनकी जांच का दायरा बढ़ा दिया है। शक है कि कारोबारियों ने फर्जी कंपनियां बनाकर करोड़ों की जीएसटी चोरी की है। कारोबारियों की फर्जी कंपनियां बनाने में इनके सीए की सीधी भूमिका है। उनकी मदद से ही कारोबारियों ने फर्जी कंपनी बनाकर उसकी आड़ में जीएसटी का गोलमाल किया।
जांच में संकेत मिलने के बाद से रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग-भिलाई के एक दर्जन से ज्यादा सीए सेंट्रल जीएसटी विभाग के निशाने पर हैं। सेंट्रल जीएसटी ने इन सभी की सूची तैयार कर ली है। इनपुट की तलाश के लिए उनके दफ्तरों में कभी भी छापे मारे जा सकते हैं। पिछले महीने भिलाई में जीएसटी चोरी में एक सीए के दफ्तर में जांच कर वहां से कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए। सेंट्रल जीएसटी की जांच में एक बात पूरी तरह से स्पष्ट हो गई है कि जितनी भी फर्जी कंपनियां बनाई गई हैं वे सभी ऑनलाइन क्रिएट की गईं। यानी जो भी दस्तावेज जमा किए गए या बनाए गए वे या तो फर्जी हैं या गलत इस्तेमाल किए गए। ये भी साफ हो गया कि सीए की मदद के बिना कोई भी कारोबारी इस प्रक्रिया को पूरा नहीं कर सकता है। इसलिए विभाग के अफसरों ने ऐसे सभी सीए को जांच के दायरे में रखा है।

संस्थान भी सख्त, डिग्री कर रहे रद्द
फर्जी जीएसटी बिल बनाने या ऑडिट कराने वाले सीए के खिलाफ द इंस्टीट्यूट आफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स आफ इंडिया भी सख्त हो गया है। संस्थान का दावा है कि ऐसे चार्टर्ड एकाउंटेंट की डिग्री छिनने के साथ ही प्रैक्टिस के लिए अयोग्य घोषित करने जैसे दंड दिए जा रहे हैं। इनमें से अधिकतर सीए ऐसे हैं जो अपने क्लाइंट के जरिये सरकार से इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के लिए दावा करते हुए बड़ी रकम कमा रहे थे।
एनएफआरए की निगरानी
वित्तीय सेवाओं से जुड़े प्रोफेशनल्स लोगों पर पर निगरानी के लिए केंद्र सरकार ने एनएफआरए का गठन किया है। इस अथॉरिटी के पास सिविल कोर्ट जैसे पॉवर हैं। वह समन के साथ ही जांच के आदेश भी दे सकता है। जांच में दोषी पाए जाने पर दंड व जुर्माना भी कर सकता है। इसके साथ ही छह महीने से 10 साल तक प्रैक्टिस पर रोक भी लगा सकता है। हालांकि उनके इस फैसले को चुनौती देने के लिए एक अपीलीय अथॉरिटी भी बनाई गई है।

देश के कई राज्यों में कार्रवाई
डीजीजीआई छत्तीसगढ़ समेत देशभर में यह कार्रवाई चला रहा है। इस विभाग ने कोरोना काल में ही उत्तरप्रदेश में 126, मुंबई में 50, दिल्ली में 20 से ज्यादा सीए के खिलाफ जांच की है।
इन चार्टर्ड एकाउंटेंट पर बैंक एनपीए, विलफुल डिफाल्टर, गलत आडिट और सीए एक्ट के नियमों का उल्लंघन करने के आरोप हैं। देशभर में इनकी संख्या 1967 से ज्यादा है। इसी कार्रवाई के दौरान अब छत्तीसगढ़ के सीए भी जांच के दायरे में आ गए हैं

"जांच में पाया गया है कि कई सीए टैक्स चोरी में मास्टरमाइंड की तरह काम कर रहे हैं। टैक्स चोरी प्रकरणों में उनकी सीधी संलिप्तता है। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। जहां जरूरत है वहां एफआईआर भी करवा रहे हैं।"
-बीबी महापात्रा, प्रिंसिपल कमिश्नर सेंट्रल जीएसटी



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
On the target of many fraud companies, GST made the list


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3njY1Gr
via

Comments