राज्य में हो रहे किसी भी तरह के भ्रष्टाचार की शिकायत अब ऑनलाइन कर सकेंगे। एसीबी और ईओडब्ल्यू आज अपनी वेबसाइट और टोल फ्री नंबर 1064 लॉन्च करेगा। वेबसाइट eowacb.cg.gov.in पर आप ऑडियो-वीडियो या किसी भी तरह का डॉक्यूमेंट अपलोड कर करप्शन की शिकायत कर सकेंगे। डायरेक्टर एंटी करप्शन ब्यूरो और इकोनॉमिक अफेंस विंग आरिफ शेख ने बताया कि हर शिकायतकर्ता की जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बुधवार को दोपहर 12 बजे वेबसाइट लॉन्च करेंगे। ईओडब्ल्यू एसपी पंकज चंद्रा ने बताया कि वेबसाइट में नॉलेज सेक्शन भी होगा, जहां लोगों को करप्शन से जुड़े एक्ट की जानकारी मिल सकेगी। वेबसाइट सबस्क्राइब करने वाले व्यक्ति को एसीबी और ईओडब्ल्यू का अपडेट भी मिलता रहेगा।
अजितेश एंड टीम ने किसान को रिश्वत के लिए परेशान कर रहे पटवारी को पकड़ा
ये हैं एसीबी के डीएसपी अजितेश सिंह। हाल ही में इन्होंने किसान को रिश्वत के लिए परेशान कर पटवारी को रंगे हाथ पकड़ा है। अजितेश ने बताया, गांव पाठकपुर के एक किसान से धान की फसल बिक्री का पंजीयन कराने और पंजीयन फार्म में कृषि भूमि का रकबा दर्ज कराने के लिए एक पटवारी रिश्वत मांग रहा था। कृषि भूमि का रकबा पंजीयन फार्म में दर्ज नहीं हो पाता तो जीतोड़ मेहनत से उगाई फसल का किसान को उचित मूल्य प्राप्त नहीं हो पाता और उसे कम कीमत पर अपनी फसल को बेचने के लिए मजबूर होना पड़ता। किसान की ये शिकायत मिलते ही पूरी प्लानिंग कर नोट पर पाउडर लगाकर किसान को पटवारी के पास भेजा गया। जैसे ही पटवारी ने रिश्वत ली, उसे पकड़ लिया गया। पटवारी के विरूद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्यवाही की जा रही है।
विवेक 30 और सपन 20 केस संभाल रहे कई भ्रष्टाचारियों को पकड़ चुके हैं रंगे हाथ
जुलाई 2020 से एसीबी से जुड़े डीएसपी सपन चौधरी 20 से ज्यादा केस हैंडल कर रहे हैं। हाल ही में सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोपियों को उन्होंने रंगे हाथ पकड़ा है। वहीं, रायपुर एसीबी के इंस्पेक्टर कुमार विवेक पाटकार 30 से ज्यादा केस संभाल रहे हैं। हाल ही में पूरे प्रदेश में चर्चा में रहे आबकारी विभाग के ओएसडी रहे समुंदराम सिंह के केस पर भी वे काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया, हमारी पूरी कोशिश होती है कि केस की तह तक जाकर सच का पता लगाएं और मुजरिम को सजा दिलाएं। शिकायत आने के बाद पूरी जानकारी जुटाने और प्लान बनाने के बाद ही हम आगे एक्शन लेते हैं। कई बार एक ही केस के पीछे हम कई हफ्तों तक दिन-रात जुटे रहते हैं।
वेबसाइट, लोगो और टोल फ्री नंबर की लॉन्चिंग आज
एसीबी का अब तक छत्तीसगढ़ का कोई अलग लोगो नहीं है। एंटी करप्शन डे पर वेबसाइट और टोल फ्री नंबर के साथ एसीबी का लोगो भी लॉन्च किया जाएगा। इसके साथ ही लोगों को भ्रष्टाचार का विरोध करने के लिए प्रेरित करने के मकसद से हमने एक पोस्टर भी तैयार किया है, जिसका सीएम अनावरण करेंगे। ये पोस्टर एसीबी के प्रदेश के सभी कार्यालयों में लगाया जाएगा। -आरिफ एच. शेख, डायरेक्टर, एसीबी-ईओडब्ल्यू
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3lZhrPk
via
Comments
Post a Comment