Skip to main content

कन्हर परियोजना का कलेक्टर ने लिया जायजा बोले- प्रभावितों के अधिकारों का नहीं होगा हनन

छत्तीसगढ़ से प्रवाहित होने वाली कन्हर नदी पर उत्तरप्रदेश के सोनभद्र जिले के दुधी तहसील में अमवार तथा कुदरी गांव में कन्हर सिंचाई परियोजना के लिए डैम का निर्माण से छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती छह गांव प्रभावित होंगे। कलेक्टर श्याम धावड़े ने निर्माणाधीन डैम तथा प्रभावित क्षेत्र का अवलोकन किया व डूब क्षेत्र के ग्रामीणों से बात की। कन्हर सिंचाई परियोजना से रामचन्द्रपुर के त्रिशुली, झारा, कुशफर, सेमरवा, कामेश्वरनगर तथा धौली गांव प्रभावित हो रहा है। कलेक्टर धावड़े ने तकनीकी विशेषज्ञों से सिंचाई परियोजना की सूक्ष्म जानकारी ली परियोजना के अधिशासी अभियंता विनय कुमार सिंह ने कलेक्टर धावड़े को बताया कि परियोजना की लागत लगभग 22 अरब रुपए है। छत्तीसगढ़ राज्य की 360 हेक्टेयर भूमि परियोजना डैम निर्माण से डूब क्षेत्र में आने के कारण प्रभावित होगी। 32 परिवार विस्थापित होंगे। विस्थापितों के लिए मुआवजा राशि एवं पुनर्वास की व्यवस्था का कार्य तेजी से चल रहा है। कलेक्टर धावड़े ने सिंचाई परियोजना से आसपास के क्षेत्र में होने वाले प्रभाव के बारे में जानकारी लेते हुए कहा कि विस्थापितों को सभी सुविधाएं दी जाएंगी तथा उनको अधिकार से वंचित नहीं किया जाएगा। कलेक्टर श्याम धावड़े ने ग्राम त्रिशूली पहुंचकर सिंचाई परियोजना के विस्थापित परिवार के सदस्यों से बात करते हुए कहा कि उन्हें सभी सुविधाएं प्रदान की जाएगी। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रामानुजगंज को मुआवजा राशि प्रदान करने के निर्देश दिए।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2WJaurl
via

Comments