Skip to main content

किस्टाराम पहुंचे अफसर तो उमड़ पड़े आसपास के गांव के लोग

सुकमा जिले में हाल ही में पदस्थ कलेक्टर विनीत नंदनवार व एसपी केएल ध्रुव लगातार अंदरुनी क्षेत्रों में दौरा कर रहे हैं। जिले के दोनों ही आला अधिकारी सोमवार को अतिसंवेदनशील क्षेत्र ग्राम पंचायत किस्टाराम पहुंचकर सबको चौंका दिया। जिले के दोनों आईएएस व आईपीएस अधिकारी सुबह करीब 11 बजे चॉपर से किस्टाराम पहुंचे। कलेक्टर विनीत नंदनवार ने एसपी केएल ध्रुव के साथ किस्टाराम थाने में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
चौपाल में किस्टाराम, कांसाराम, सिंदूरगुड़ा, तिंगनपल्ली एवं धरमापेंटा के सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे थे। कलेक्टर व एसपी भी खुद इतनी भीड़ देखकर हैरान रह गए। चौपाल में कलेक्टर के साथ जनपद पंचायत कोंटा के सीईओ रुपेंद्र पटेल व तहसीलदार सिरमौर भी उपस्थित होकर समस्याओं से अवगत हुए। गांव में किसानी व अन्य जरूरी कार्य के लिए करीब 50 ग्रामीणों ने कलेक्टर के समक्ष सोलर ऊर्जा से चलित पंप की मांग की, जिस पर कलेक्टर ने हामी भरी। वहीं ग्रामीणों ने अपनी भूमि के लिए पट्टे की मांग रखी, जिस पर तहसीलदार को आदेश दिया गया। वहीं ग्रामीणों ने अपने गांव में सड़क व नाली की भी मांग रखी। इस दौरान गांव के पढ़े लिखे नौजवानों ने कलेक्टर के समक्ष अपनी बेरोजगारी की गाथा सुनाई, जिस पर कलेक्टर ने गहरी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि सरकार हर पढ़े लिखे व्यक्ति को नौकरी देने में अक्षम है पर कलेक्टर ने सभी बेरोजगारों को भरोसा दिलाया कि ग्रामीण स्तर पर सब्जी भाजी की खेती, मुर्गीपालन, सुअर पालन, बकरी पालन व शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से बेरोजगारों को लाभान्वित करेंगे। कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन आपके लिए सदैव तत्पर है।

किस्टाराम में हायर सेकंडरी तक की व्यवस्था हो
ग्रामीणों ने शिक्षा, स्वास्थ्य पर जोर देते हुए कहा कि सलवा जुडूम के वक्त किस्टाराम में चलित स्कूलों को मरईगुड़ा-1 में विस्थापित कर दिया गया है, जो वापस किस्टाराम में स्थापित हो। साथ ही साथ अब किस्टाराम में भी 8वीं से ऊपर 9वीं से 12वीं तक की व्यवस्था हो। इन सभी मांगों पर कलेक्टर ने बहुत जल्द निराकरण करने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों से समस्याओं पर चर्चा के बाद कलेक्टर व एसपी ने किस्टाराम में निर्माणाधीन हॉस्पिटल कैंपस, बाजार शेड, शासकीय क्वार्टर व अन्य निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान एसपी केएल ध्रुव ने कलेक्टर विनीत नंदनवार को दौरे के अंतर्गत किस्टाराम में नक्सलियों से लड़ रहे व क्षेत्र के सुरक्षा के लिए पदस्थ सुरक्षा जवानों से भी मुलाकात करवाया व उनकी हौसला अफजाई की।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Officers reached Kistram when the people of the nearby villages gathered


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3nEeoxu
via

Comments