पिछले तीन-चार दिनों से छलांग मार रहा पारा फिर लुढ़कने वाला है। मौसम वैज्ञानिकों ने पंजाब-हरियाणा, छत्तीसगढ़ और बिहार जैसे मैदानी राज्यों में शीतलहर चलने की संभावना व्यक्त की है। पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी और उत्तर-पूर्व से आने वाली हवा के कारण आज से फिर ठंड बनने का अनुमान है। सर्दी पर पढ़िए आठ राज्यों से मौसम पर रिपोर्ट...
छत्तीसगढ़ में उत्तर-पूर्वी हवाओं के चलने से फिर बढ़ेगी ठंड
हवा की दिशा बदलने की वजह से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी, हुई है। बुधवार को प्रदेश में दुर्ग को छोड़कर कहीं भी शीतलहर के हालात नहीं थे। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार से प्रदेश में उत्तर-पूर्वी हवाओं के फिर चलने से ठंड बढ़ेगी। सरगुजा और बिलासपुर में रात से ही शीतलहर चल सकती है। मैदानी इलाकों और बस्तर में एक-दो दिन बाद ठंड बढ़ने के आसार हैं।
राजस्थान के माउंट आबू में लगातार 10वें दिन भी जमी रही बर्फ
देश के उत्तरी क्षेत्र में हो रही बर्फबारी से राजस्थान सहित हिल स्टेशन माउंट आबू में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। छह दिन तक लगातार माइनस में दर्ज होने के बाद बुधवार को यहां पारा प्लस में आया है। पिछले 10 दिनों से माउंट आबू में सवेरे जगह-जगह ओस की बूंदे बर्फ में तब्दील हो रही हैं। बुधवार कों यहां का न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया। तापमान जमाव बिंदु के आसपास रहने से यहां सवेरे देर तक कोहरा छाया रहा।
इसके साथ ही श्रीगंगानगर में तेज धूप के बाद बुधवार को अधिकतम तापमान 2 डिग्री बढ़कर 25 डिग्री पहुंच गया। दिन के तापमान में बढ़ोतरी के चलते मौसम वैज्ञानिकों ने आगामी दो-तीन दिनों में फिर से मौसम में बदलाव होने व उत्तरी हवाएं चलने के साथ ही बादलवाही होने से ठंड का प्रभाव फिर से बढ़ने की संभावना व्यक्त की है।
दिल्ली में 3.5 डिग्री पहुंचा पारा, कड़ाके की ठंड
देश की राजधानी दिल्ली में लोधी रोड पर बुधवार को न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिम की ओर से बहने वाली हवा के कारण यहां ठंड देखने को मिली। यहां अगले चार-पांच दिन पारा 3 और 4 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है। पश्चिम की ओर से आने वाली हवाओं के कारण दिल्ली में ठंड जारी रहने का अनुमान है। बता दें कि दिल्ली में पिछले तीन-चार दिन से न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है। वहीं अधिकतम 16 डिग्री तक दर्ज किया गया है।
मध्यप्रदेश में रातें ठंडी, दिन का पारा चढ़ा
एमपी की राजधानी भोपाल में रात के समय ठंडक बनी हुई है। यहां दिन में दक्षिण-पूर्वी हवा चल रही है, जबकि शाम होते ही यह बदलकर उत्तर पूर्वी हो जाती हैं। भोपाल में रात का तापमान 9.6 डिग्री दर्ज किया गया।
हरियाणा: हिसार में तापमान 2.70 पर आया, जमा पाला
हरियाणा में हिसार का तापमान लगातार दूसरे दिन सबसे नीचे 2.7 डिग्री पर रहा। कुछ इलाकों में सुबह पाला भी जमा। धुंध के चलते करनाल में विजिबिलिटी 50 मीटर रह गई। रोहतक में दिन का पारा 17.8 डिग्री पर आ गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि कड़ाके की सर्दी का दौर 25 दिसंबर तक जारी रह सकता है। इस दौरान शीतलहर चलने के भी आसार हैं।
पंजाब के कई जिलों में 25 तक शीतलहर, 27 को बारिश के आसार
मौसम वैज्ञानिकों ने पंजाब के सभी जिलों में अगले दो दिन शीतलहर चलने की चेतावनी दी है। इससे रात के समय कड़ाके की ठंडी पड़ेगी। राज्य का औसत तापमान रात के समय 3 से 5 डिग्री और दिन का 20 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है। पंजाब के विभिन्न जिलों में 27 दिसंबर को बारिश के आसार हैं। इनमें दोआबा और अमृतसर क्षेत्र शामिल है। पंजाब का लुधियाना 2.8 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा।
बिहार के कई जिलों में छाएगा कोहरा, सर्द होगा मौसम
पटना सहित बिहार के कई इलाकों में मौसम वैज्ञानिकों ने घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 10 से 12 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा की तरफ से बर्फीली हवाएं चलेंगी। अरब सागर से आने वाली नमीयुक्त हवाओं के चलने की वजह से पटना सहित बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में कोहरे की चादर फैली हुई है। बुधवार को छपरा, दरभंगा और मुजफ्फरपुर में कोल्ड डे रहा। गया में रात सबसे सर्द और फारबिसगंज में दिन सबसे गर्म रहा।
पश्चिमी विक्षोभ प्रवेश करने के बाद झारखंड में छाएगी धुंध
झारखंड में अभी 29 दिसंबर तक कड़ाके की ठंड नहीं पड़ेगी। पश्चिमी विक्षोभ के कारण अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। दो दिन बाद 26 दिसंबर को अधिकतम तापमान में और इजाफा होगा, क्योंकि उत्तर भारत से एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ झारखंड में प्रवेश करने वाला है। इसके कारण आकाश में बादल छाए रहेंगे, कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ ने झारखंड के लोकल सिस्टम को डिस्टर्ब कर दिया है। इस कारण ठंड से राहत मिली है। बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 25.0 डिग्री दर्ज किया गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2M0rtTT
via
Comments
Post a Comment