Skip to main content

फरवरी से पहले बस्तर पहुंच जाएगी वैक्सीन

भास्कर न्यूज|
कोरोना संक्रमण के खतरे के बीच बस्तर के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई हैं। कोरोना का एंटी डोज अभी दुनिया के 7 देशों में लोगों को दिया जा रहा है। जल्द ही एंटी डोज भारत में भी उपलब्ध होगा। इस बीच एंटी डोज कब, कैसे किसे लगाया जाएगा, इसको लेकर तैयारियां शुरू हो गई है और राज्य में जिला स्तर के अधिकारियों का प्रशिक्षण भी पूरा हो चुका है। प्रशिक्षण पूरा कर लौटे अफसरों की माने तो कोरोना का एंटी डोज जनवरी माह के अंत में बस्तर में पहुंच जाएगा। इसके लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई है।
स्थानीय महारानी हॉस्पिटल के परिसर में मौजूद क्षेत्रीय वैक्सीन स्टोर में कोरोना वैक्सीन को रखने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई है। वैक्सीनेशन अभियान से जुड़े अफसरों ने बताया सबसे पहले वैक्सीन को रखने की व्यवस्था की जा रही है। इसके तहत वैक्सीनेशन सेंटर में एक कमरे बड़े आकार का फ्रीज (जिसे डब्लूयआईसी मशीन कहा जाता है) लगवाई जा रही है। इस मशीन में एक बार में 50 लाख से ज्यादा वैक्सीन डोज रखने की क्षमता होगी। इसके अलावा ड्राई स्टोरेज भी बनाया जा रहा है जहां वैक्सीन को लगाने के लिए जरूरी सामान जैसे सीरिंज, निडिल व अन्य संसाधन रखें जाएंगे।
पीएचसी और सीएचसी में भी वैक्सीन रखने की तैयारी शुरू
ब्लॉक स्तर पर पीएचसी व सीएचसी में भी वैक्सीन को रखने की व्यवस्था की जा रही है। अफसरों ने बताया कि यहां पहले से ही कोल्ड चेन प्वाइंट मौजूद है। ऐसे में बस ब्लॉक स्तर के अफसरों को ट्रेनिंग देना है और व्यवस्था को एक बार फिर से दुरुस्त करना है। ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण देने की शुरुआत सोमवार से की जाएगी। जगदलपुर के वैक्सीन सेंटर में ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि यदि जरूरत पड़े तो संभाग के सभी जिलों में यहीं से वैक्सीन की सप्लाई हो सके।

मतदान के तर्ज पर होगा वैक्सीनेशन का काम
अभी जो सरकार की ओर से पहली गाइडलाइन आई है उसके अनुसार वैक्सीनेशन का काम चुनावों के दौरान मतदान की तर्ज पर होगा। वैक्सीन सेंटरों में हर काम के लिए अलग कर्मचारी और अलग कमरे मौजूद होगे। वैक्सीनेशन सेंटरों में वेंटिंग रूम होगा। जहां वैक्सीन लगाने वाले लोग बैठैंगे, इसके बाद एक टीकाकरण रूम होगा। एक आब्जर्वेशन रूम होगा।

वैक्सीन को 2 से 8 डिग्री तापमान में रखना होगा
इधर कोरोना वैक्सीन को एक मैनटैनेड टेम्प्रेचर में रखना होगा। अफसरों ने बताया कि वैक्सीन को 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तापमान में रखना अनिवार्य है। इसी को ध्यान में रखने हुए कोल्ड चेन प्वाइंट बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा वैक्सीन को रायपुर से लाने के लिए वैक्सीन वैन भी तैयार की जा रही है।

वैक्सीन लगाने के लिए लिस्ट लगभग तैयार
इधर वैक्सीन के आते ही पहले वैक्सीन किसे, कैसे और कब लगानी है इस पर भी काम कर लिया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने बताया कि सबसे पहले हेल्थ केयर वर्कर्स, फ्रंटलाइन वर्कर्स और 50 साल से ज्यादा उम्र के गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। हेल्थ वर्कर्स और फ्रंटलाइन वर्कर्स की एक सूची तैयार की है।

वैक्सीन के पहुंचने से पहले सारी व्यवस्था हो जाएगी
सीएमएचओ डॉ आरके चतुर्वेदी ने बताया कि वैक्सीनेशन को लेकर हमने तैयारियां शुरू कर दी है। हमारी कोशिश है कि जैसे ही वैक्सीन जिले में आये वैसे इसे लगाने का काम शुरू कर दिया जाए। यही कारण है कि हमने अभी से प्रशिक्षण से लेकर अन्य तैयारियां कर ली है। आने वाले 15 से 20 दिनों में हम वैक्सीनेशन के लिए पूरी तरह से तैयार हो जाएंगे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Vaccine will reach Bastar before February


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/34bKWr7
via

Comments