किस्टाराम थाना क्षेत्र के कासाराम गांव के पास रविवार सुबह आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आकर कोबरा 208 बटालियन के डिप्टी कमांडेंट विकास कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके बाएं हाथ व दोनों पैर में गंभीर चोटें आईं हैं।
स्थानीय कैंप अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वायु सेना के हेलीकॉप्टर से रविवार दोपहर रायपुर भेजा गया है। आईईडी ब्लास्ट में कोबरा के दो अन्य जवान को मामूली चोटे आई हैं। एसपी केएल ध्रुव ने बताया कि आईईडी को डिफ्यूज करने के दौरान ब्लास्ट हुआ।
दूसरा बम डिफ्यूज करने के दौरान हादसा
रविवार सुबह पालोड़ी में तैनात कोबरा 208 बटालियन के जवानों की टुकड़ी एरिया डोमिनेशन के लिए रवाना आसपास के इलाके की ओर सर्चिंग पर रवाना हुई थी। पालोड़ी से कुछ किमी की दूरी पर कासाराम गंाव के पास जवानों की नज़र नक्सलियों द्वारा प्लांट किए गए आईईडी पर पड़ी। बीडीएस टीम के सदस्य बरामद आईईडी को विस्फोट कर नष्ट कर रहे थे। नक्सलियों ने कुछ ही दूरी पर दूसरा आईईडी भी लगा रखा था। बरामद आईईडी को विस्फोट कर नष्ट करने के दौरान दूसरा आईईडी भी ब्लास्ट हो गया। दूसरे आईईडी ब्लास्ट की जद में आकर डिप्टी कमांडेंट गंभीर रूप से घायल हो गए व दो अन्य जवानों को भी मामूली चोटें आईं हैं।
कोबरा के अफसर व जवानों की बड़ी चूक
एरिया डोमिनेशन व रोड ओपनिंग के लिए निकलने वाली सीआरपीएफ व कोबरा बटालियन के जवानों की टुकड़ी के पास बरामद आईईडी निष्क्रिय व नष्ट करने के लिए अलग से बीडीएस टीम होती है। टीम में बम डिटेक्शन व डिस्पोजल के लिए प्रशिक्षित जवान होते हैं। ये पूरी सावधानी से आईईडी निष्क्रिय कर या तो उन्हें बरामद कर लिया जाता है या मौके पर ही नष्ट कर देते हैं। इसकी बाकायदा वीडियो रिकार्डिंग की जाती है। इसके बावजूद रविवार सुबह आईईडी डिफ्यूज करने के दौरान डिप्टी कमांडेंट रैंक के अफसर का गंभीर रूप से घायल होना बड़ी चूक माना जा रहा है। एसपी केएल ध्रुव के मुताबिक मौके पर नक्सलियों ने दो आईईडी प्लांट कर रखा था।
15 दिन में आईईडी ब्लास्ट की दूसरी वारदात
जिले में बीते 15 दिन में आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आकर कोबरा बटालियन के अफसर व जवानों के घायल होने की यह दूसरी बड़ी वारदात है। इससे पहले 29 नवंबर को चिंतागुफा थाना क्षेत्र के बुरकापाल कैंप में तैनात कोबरा 206 बटालियन के जवानों की टुकड़ी सर्चिंग ऑपरेशन के दौरान ताड़मेटला गांव के पास अरबराज की पहाड़ी में आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आ गई थी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3oMpOzs
via
Comments
Post a Comment