Skip to main content

मंदिरहसौद, समोदा और चंदखुरी बनेंगे नगर पंचायत, अब वहां भी होगा चुनाव

लोगों की लंबे समय की मांग के बाद राज्य सरकार ने रायपुर शहर से लगे मंदिरहसौद, समोदा और चंदखुरी को नगर पंचायत बनाने के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इसका राजपत्र में प्रकाशन भी कर दिया गया है। आने वाले समय में इन पंचायतों में भी वार्ड पार्षदों और पंचायत अध्यक्षों का चुनाव होगा। इसके लिए प्रशासन ने तैयारी भी शुरू कर दी है। कलेक्टर ने संबंधित क्षेत्रों के तहसीलदारों और संबंधित अफसरों को चिट्ठी लिखकर पंचायत बनाने की प्रक्रिया तेज करने को कहा है। जिला पंचायत के सीईओ इस काम में सभी अफसरों के साथ समन्वय करेंगे।
राज्य सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार मंदिरहसौद नगर पंचायत में मंदिरहसौद, छतौना, नकटा और कुरुद ग्राम पंचायत को शामिल किया गया है। 2011 की जनगणना के अनुसार मंदिरहसौद की जनसंख्या 12807, छतौना की 1499, नकटा की 3472 और कुरुद की 3279 है। यह चारों ग्राम पंचायतों की सीमाएं अब मंदिरहसौद नगर पंचायत की सीमाएं होंगी। इसी तरह चंदखुरी और जुगेसर ग्राम पंचायत को मिलाकर चंदखुरी नगर पंचायत का गठन किया जाएगा। समोदा, कागदेही और कुसमुंद को मिलाकर नगर पंचायत समोदा का गठन किया गया है। 2011 की जनगणना के अनुसार तीनों ग्राम पंचायतों की आबादी 6907 है। कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन ने बताया कि नगर पंचायतों के गठन को लेकर आने वाले 12 दिनों तक किसी भी तरह की दावा-आपत्ति कलेक्टोरेट के कमरा नंबर 13 में दर्ज कराई जा सकती है। इस दौरान किसी भी तरह की कोई आपत्ति आती है तो उसका निराकरण करने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3mktiY8
via

Comments