बीते साल हवाई सेवा की शुरुआत दो रूट्स पर की गई, इसके बाद अब नए साल से नए रूट पर विमान सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। जगदलपुर से नए रूट पर विमान सेवा शुरू करने से इसका फायदा बस्तर के लोगों को मिलेगा। दरअसल जो नया रूट तैयार किया जा रहा है, उसमें विशाखापट्टनम को भी जगदलपुर से सीधे जोड़ने की तैयारी है, ऐसे में बस्तर के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए घंटों के लंबे सफर से निजात मिलेगी।
इस नए रूट में जगदलपुर को दो नए शहरों से जोड़ने की तैयारी एलायंस एयर ने शुरू की है। ऐसे में नए साल में जगदलपुर से हवाई सेवा के लिए नया रूट मिलने की उम्मीद है, जिसके बाद लोगों को इसका फायदा मिलेगा।
वर्तमान में दो रूट्स पर चल रही विमान सेवा, हैदराबाद के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जुड़ा जगदलपुर: वर्तमान में चल रही हवाई सेवा हैदराबाद-जगदलपुर-रायपुर के बीच चल रही है। इससे लोगों को फायदा ये मिल रहा है कि हैदराबाद से रायपुर या जगदलपुर, जगदलपुर से रायपुर या हैदराबाद और रायपुर से जगदलपुर या हैदराबाद आने-जाने वालों का सफर आसान हो गया है। हवाई मार्ग से हैदराबाद से जगदलपुर के जुड़ जाने से अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से भी जगदलपुर जुड़ गया है। ऐसे में विदेश जाने वाले यात्रियों काे सीधे फ्लाइट मिल जाती है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए विशाखापट्टनम पर निर्भर हैं बस्तरवासी
दरअसल, विशाखापट्टनम पर स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर बस्तर के लोग निर्भर है। बड़ी संख्या में जगदलपुर सहित बस्तर संभाग के लोग इलाज के लिए विशाखापट्टनम जाते हैं। यही कारण है कि स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर बस्तर के करीब 75 फीसदी मरीज विशाखापट्टनम जाते हैं। जगदलपुर से विशाखापट्टनम के बीच हवाई सेवा शुरू हो जाने के बाद लोगों को आसानी होगी और स्वास्थ्य सुविधाएं भी उनके लिए आसान हो जाएगी। मालूम हो कि इससे पहले साल 2018 में एयर ओडिशा ने जब जगदलपुर से हवाई सेवा शुरू की थी, तब विशाखापट्टनम से सीधी फ्लाइट थी, लेकिन अनियमित सेवा के चलते अक्टूबर 2018 में ही एयर ओडिशा का लाइसेंस रद्द कर दिया गया।
आंध्रप्रदेश और ओडिशा भी हवाई मार्ग के जरिए जगदलपुर से जुड़ जाएगा
एलायंस एयर जगदलपुर से अब एक और नए रूट पर फ्लाइट शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इस नए रूट से विशाखापट्टनम, जगदलपुर, रायपुर और झारसुगुड़ा को जोड़ा जाएगा। नए रूट विमान सेवा शुरू होने के बाद छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के साथ ही आंध्रप्रदेश और ओडिशा भी हवाई मार्ग के जरिए जगदलपुर से जुड़ जाएगा। नए रूट पर विशाखापट्टनम-जगदलपुर-रायपुर-झारसुगुड़ा पर विमान संचालन की तैयारी है।
एलायंस एयर की सीईओ से की है इस नए रूट पर विमान सेवा शुरू करने की मांग
एलायंस एयर के जगदलपुर स्टेशन इंचार्ज पवन शर्मा ने बताया कि पिछले दिनों एलायंस एयर के सीईओ हरप्रीत एडी सिंह से हुई ऑनलाइन मीटिंग के दौरान इस नए रूट पर विमान सेवा शुरू करने की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि इस नए रूट पर विमान सेवा को ज्यादा यात्री मिल सकेंगे, जिसका ज्यादा से ज्यादा फायदा बस्तर के लोगों को मिल सकेगा। ऐसे में नए साल में इसे लेकर कोशिश की जा सकती है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3o3Q9cd
via
Comments
Post a Comment