जिले के कोंडासांवली पंचायत के निर्वाचित जनप्रतिनिधि व ग्रामीणों ने बुधवार को सीपीआई नेता मनीष कुंजाम व रामा सोढ़ी की अगुवाई में कलेक्टर विनीत नंदनवार से मुलाकात कर पंचायत के कर्रेपारा से हालही में स्थापित फोर्स का नया कैंप हटाए जाने की मांग की। ग्रामीणों के मुताबिक पंचायत के जिम्मेदार जनप्रतिनिधि के बिना जानकारी के 20 नवंबर को स्थानीय ग्रामीणों की निजी जमीन पर कर्रेपारा में पुलिस ने बलपूर्वक फोर्स का नया कैंप स्थापित की है। विरोध दर्ज कराने गए ग्रामीणों के साथ जवानों द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप भी ग्रामीणों ने लगाया है।
धान की फसल कटाई का समय होने के कारण कैंप के आसपास के खेतों में ग्रामीण किसानी कार्य से आना-जाना करते हैं। उनसे भी जवानों द्वारा मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। कलेक्टर से शिकायत करने पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि फोर्स का कैंप खुलने के बाद से कोंडासांवली, तारलागुड़ा और उसके आसपास के आधा दर्जन गांवों के ग्रामीण डरे हुए हैं। कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों के साथ हुई मारपीट की घटना की जांच कर कार्रवाई की मांग भी की गई है।
पेयजल, शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाएं भी बेहतर की जाए
ज्ञापन में ग्रामीणों ने कुंदेड़, उरसांगल, विक्रमपल्ली, तारलागुड़ा एवं कोंडासावली में पेयजल, शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने की मांग भी की है। ग्रामीणों ने बताया कोंडासांवली व तारलागुड़ा में बोर खनन किया गया है पर हैंडपंप नहीं लगाया गया है। गांव में निस्तारी तालाब नहीं है। कलेक्टर विनीत नंदनवार ने मांगों पर आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3okjMpI
via
Comments
Post a Comment