Skip to main content

5 नक्सली गिरफ्तार, अस्पताल भवन तोड़ने में शामिल थे

एरिया डोमिनेशन के दौरान फोर्स की अलग-अलग टुकड़ियों ने सोमवार को जिले के चिंतलनार थाना क्षेत्र से लेकाम हुंगा और माड़वी नंदा, फुलबगड़ी थाना क्षेत्र से माड़वी सुकराम एवं गोलापल्ली से मड़कम रमेश व बुटार राम बाबु को गिरफ्तार कर स्थानीय न्यायालय में पेश किया। जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
बताया गया कि पकड़े गए नक्सली जनमिलिशिया सदस्य व दण्डकारण्य आदिवासी किसान मजदूर संघ सदस्य के रूप में सक्रिय थे। पकड़े गए नक्सली जंगलों में स्पाइक्स होल बनाने, आईईडी प्लांट करने और बड़ेसेट्‌टी में अस्पताल भवन क्षतिग्रस्त करने की नक्सली वारदात के आरोपी हैं।
नक्सल सेल कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को चिंतलनार में तैनात कोबरा 201 बटालियन के डिप्टी कमांडेंट एसएन तिवारी व जिला पुलिस बल के उपनिरीक्षक भीमसेन भारती की अगुवाई में संयुक्त फोर्स एरिया डोमिनेशन व रोड ओपनिंग के लिए लखापाल व रेवालीपारा की ओर रवाना की गई थी। रेवालीपारा के जंगलों में फोर्स के मूवमेंट पर नज़र रखने यहां नक्सलियों द्वारा तैनात लेकाम हुंगा व माड़वी नंदा को घेराबंदी कर जवानों ने अपनी गिरफ्त में लिया। बताया गया कि पिछले महीने 8 नवम्बर को तिम्मापुरम के जंगलों में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट की वारदात में शामिल होने का गुनाह हुंंगा व नंदा ने कबूल किया। ब्लास्ट में सुरक्षाबल का एक जवान घायल हुआ था। इधर फुलबगड़ी थाना प्रभारी हुबलाल चंद्राकर की अगुवाई में एरिया डोमिनेशन के लिए निकले जिला पुलिस बल के जवानों ने बड़सेट्‌टी गांव की घेराबंदी कर अस्पताल भवन क्षतिग्रस्त करने की नक्सली वारदात में शामिल माड़वी सुकराम को गिरफ्तार किया।

गोलापल्ली में साप्ताहिक बाजार से दो गिरफ्तार
रविवार को गोलापल्ली में लगने वाले साप्ताहिक बाजार में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर थाना प्रभारी रमेश साहू व सीएएफ के प्लाटून कमांडर रामकुमार ध्रुवे की अगुवाई में फोर्स की टुकड़ी ने साप्ताहिक बाजार की घेराबंदी शुरू की। इसी बीच जनमिलिशिया सदस्य मड़कम रमेश व बुटार रामबाबु ने मौके से भागने की असफल कोशिश की और जवानों के हत्थे चढ़ गए। रमेश के पास से पुलिस ने 7 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर बरामद किया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
5 Naxalites arrested, involved in breaking hospital building


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2J9a1vm
via

Comments