किसानों के समर्थन में मंगलवार को भारत बंद का आह्वान किया गया था। बस्तर जिले में भारत बंद का खासा असर भी देखने को मिला। जगदलपुर शहर के कारोबारियों ने अन्नदाताओं के सम्मान में खुद से ही दुकानें बंद रखीं। सुबह से ही कारोबारियों ने अपनी दुकानें नहीं खोली और तो और बंद का आह्वान दोपहर दो बजे तक के लिए किया गया था लेकिन दो बजे के बाद भी दुकानों के शटर नहीं खुले।
बंद के कारण लोगों को दिनभर चाय और नाश्ते के लिए भी भटकना पड़ा। इसके अलावा संभाग का सबसे बड़ा बाजार माना जाना वाला संजय बाजार भी बंद रहा। मेन रोड, पैलेस रोड और सभी प्रमुख बाजार या कारोबार वाले हिस्सों में सन्नाटा पसरा रहा। चाय, नाश्ते और पान की दुकानें भी बंद रहीं। देर रात कुछ होटल खुले लेकिन यहां भी रोज के ग्राहकों को खाना परोसा। बस्तर परिवहन संघ में सुबह की पुकार नहीं हुई। दिनभर इनकी गाड़ियां भी नहीं चली।
कारोबारियों ने कहा- हम किसानों के साथ, केंद्र सरकार मांगें माने
फर्नीचर कारोबारी फहीम नवीवाला ने बताया कि किसान हमारे अन्नदाता हैं। नये कानून अच्छा है या बुरा इससे कोई फर्क नहीं पड़ता लेकिन नया कानून किसानों को पसंद नहीं है। ऐसे में अन्नदाताओं के सम्मान में हमने पहले ही तय कर लिया था कि दुकानें बंद रखेंगे। कारोबारी रवीश राज परमार ने कहा कि बंद का समर्थन उन्होंने राजनैतिक पार्टियों को देखकर नहीं किया बल्कि किसानों के आंदोलन को समर्थन देने के लिए किया। बंद के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे और सड़कों पर थानेदार खुद बल के साथ मौजूद रहे हालांकि पूरे दिन किसी भी इलाके से कोई भी अप्रिय समाचार नहीं मिला और न ही कहीं विवाद की स्थिति बनी। बंद को बस्तर परिवहन संघ, चैंबर ऑफ कॉमर्स, आदिवासी समाज, संजय बाजार व्यापारी संघ सहित अन्य सामाजिक संस्थाओं ने भी अपना समर्थन दिया था। बंद के दौरान सभी आपातकालीन सेवाएं सुचारू रहीं।
सड़क पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता, किसानों के समर्थन में लगाए नारे
इधर बंद को कांग्रेस ने भी समर्थन दिया था कांग्रेसी सुबह से ही सड़कों पर उतर गए थे। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने शहर का भ्रमण किया। गोलबाजार चौक पर किसानों के समर्थन में और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। शर्मा ने बताया कि केंद्र सरकार की गलत नीति को साधारण से साधारण किसान भी समझ रहा है और इसका विरोध कर रहा है लेकिन सरकार है कि उसे अपने कानून की गलतियां और खामियां नजर ही नहीं आ रही हैं। उन्होंने कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ है और किसानों की मांगें भी जायज हैं। बंद के समर्थन में शहर विधायक रेखचंद जैन भी सड़क पर उतरे और लोगों से मुलाकात कर बंद की जानकारी ली। शहर की सड़कों पर महापौर सफीरा साहू, युकां लोकसभा प्रभारी सुशील मौर्य, अनवर खान, फैसल नेवी, माज लीला, अफरोज बेगम सहित कार्यकर्ता मौजूद थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2VRzZGD
via
Comments
Post a Comment