Skip to main content

क्रिसमस की प्रार्थना दो शिफ्ट में, इसमें भी एक घर से 2 लोग शामिल हुए, कम रही भीड़

कोरोना वायरस के प्रकोप से क्रिसमस का उत्सव भले सादा हो गया हो, लेकिन मसीहीजनों के उत्साह में कोई कमी नहीं रही। गिरजाघरों में हर साल की तरह विधि-विधान से ख्रीस्त जन्मोत्सव मनाया गया, पर पूरे एहतियात के साथ। टाटीबंध समेत कई गिरजाघरों ने शिफ्ट में प्रार्थनाएं करवाईं। एक परिवार से दो लोगों को ही चर्च में प्रवेश भी अनिवार्य कर दिया। नतीजा यह रहा कि पिछले साल के मुकाबले चर्चों में आधे से भी कम भीड़ रही।
24-25 दिसंबर की मध्यरात्रि शहर के 40 छोटे-बड़े गिरजाघरों में प्रभु यीशु के जन्म का जश्न सादगी के साथ मनाया गया। शुक्रवार सुबह अलग-अलग समय पर गिरजाघरों में प्रार्थनाएं हुईं। ज्यादातर जगहों पर प्रार्थना सभा शिफ्ट में हुई ताकि चर्च के अंदर फिजिकल डिस्टेंसिंग भी बनी रहे और सभी को प्रार्थना में शामिल होने का मौका भी मिल जाए। इसके अलावा कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए गिरजाघर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का रजिस्टर में रिकॉर्ड भी रख गया है। सभी जगहों पर सैनिटाइजर की व्यवस्था भी की गई थी। इसके अलावा मास्क पहनकर आने वाले व्यक्ति को ही चर्च में प्रवेश दिया गया।

सीएम पहुंचे सेंट पॉल कैथेड्रल, मांगी प्रदेश की खुशहाली
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शुक्रवार सुबह बैरनबाजार स्थित सेंट पॉल्स कैथेड्रल चर्च पहुंचे। यहां उन्होंने मसीहीजनों के साथ यीशु जन्मोत्सव का केक काटा और क्रिसमस की शुभकामनाएं दी। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना भी की। सीएम ने कहा कि यीशु मसीह ने संपूर्ण मानव जाति के कल्याण के लिए हमें प्रेम, दया, करूणा और सेवा का मार्ग दिखाया। पास्ट्रेट कोर्ट की ओर से सीएम को छत्तीसगढ़ी में अनुवादित ‘छत्तीसगढ़ी बाइबिल: नवा नियम’ की प्रति भेंट की गई। इस दौरान मंत्री अमरजीत भगत, महापौर एजाज ढेबर, विधायक कुलदीप जुनेजा, महेन्द्र छाबड़ा, विधायक डॉ. रेणु जोगी, सभापति श्री प्रमोद दुबे, छत्तीसगढ़ डायसिस के बिशप राबर्ट अली, पादरी अजय मार्टिन आदि मौजूद रहे।

लोगों ने प्रभु के 7 वचनों को दोहराया
चर्च में लोगों का पहुंचना सुबह से शुरू हो गया था। इस मौके पर मसीहीजनों ने सभी ने प्रभु के सात वचनों को दोहराया। गिरिजाघरों में प्रभु यीशु के जीवन पर आधारित झांकियां सजाई गई थीं। बोनजा सॉन्ग व प्रभु यीशु के जीवन पर आधारित गीतों की प्रस्तुति दी गई। सामूहिक प्रार्थना के बाद लोगों से कहा गया कि वे सेवा व परोपकार के कार्यों में शामिल हों और सद्भाव कायम रखें।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Christmas prayer in two shifts, 2 people from one house joined it, crowd reduced


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3pmqbB4
via

Comments