लातेहार जिले में सोमवार को अक्षय नवमी पारंपरिक विधान के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्तिक शुक्लपक्ष नवमी के दिन संपन्न होनेवाले इस व्रत पर हिंदू धर्मावलंबियों ने आंवला वृक्ष के नीचे भगवान विष्णु का पूजन कर सुख-शांति की कामना की। इसके बाद आंवला वृक्ष के नीचे सपरिवार भोजन किया।
इस मौके पर शहर के कुछेक स्थानों पर महिलाओं ने आंवला वृक्ष की भी पूजा की। पूजन कर रहे श्रद्धालुओं ने बताया कि इस दिन आंवला की पूजा व आंवला वृक्ष के नीचे भोजन करने से अक्षय पुण्य फल की प्राप्ति होती है। भगवान श्री विष्णु के पूजनोपरांत आंवला वृक्ष के नीचे सपरिवार भोजन करके ब्राह्मणों को कुष्मांड दान का विधान है। इधर, अक्षय नवमी के अवसर पर जिला मुख्यालय से सटे तापा पहाड़ ‘पिकनिक स्पॉट’ के रूप में गुलजार हो गया था।
जिला मुख्यालय के लोग इस पूजन के बहाने तापा पहाड़ी घूमने का आनंद उठाते देखे गए। भारी संख्या में लोग इस पहाड़ी पर चढ़े और ऊंचाई से अपने शहर का अवलोकन किया। तापा पहाड़ी से सटे जंगलों में भी लोगों ने घूमने का आनंद उठाया।
वहीं, लातेहार शहर के अंबाकोठी मोहल्ला स्थित देवी मंडप में सोमवार की सुबह पंडित दिलीप शुक्ला के सान्निध्य में अक्षय नवमी के अवसर पर आंवला वृक्ष की डाली स्थापित कर विधिपूर्वक पूजन संपन्न कराया गया। पूजन कर रही श्रद्धालु महिला किरण सिंह, राधा सिंह, मंजू देवी, बंटी शुक्ला, विनीता पाठक, अन्नपूर्णा देवी समेत दर्जनभर महिलाओं ने भगवान श्री विष्णु से सुख-शांति व समृद्धि की कामना की।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/394LxOy
via IFTTT
Comments
Post a Comment