साकची...रिलायंस फ्रेश के सामने युवक को गोली मारी, भाजपा से जुड़े दशरथ पर आरोप
कोल्हान डीआईजी राजीव रंजन सिंह सोमवार की शाम बिष्टुपुर थाना के सभागार में बैठक कर रहे थे, जिसमें किसी भी थाना क्षेत्र में गोली चलने पर जवाबदेही थानेदार की होगी का पाठ पढ़ा रहे थे। तभी साकची में रिलायंस फ्रेश के सामने दशरथ शुक्ला ने फायरिंग कर दी। साकची समानता स्टोर पर कोल्ड ड्रिंक पी रहे युवक पर फायरिंग की गई।
फायरिंग में गोलमुरी के नेहरू कॉलोनी का राहुल छावड़ा बच गया। आरोपी ने दो बार फायरिंग की। एक गोली उसके पास से निकल गई। जबकि दूसरी गोली पिस्तौल में फंस गई। राहुल ने फायरिंग का आरोप गोलमुरी निवासी भाजपा से जुड़े दशरथ शुक्ला पर लगाया है। सूचना पर पुलिस पहुंची। घटनास्थल से खोखा नहीं मिला है। राहुल ने थाना में दशरथ के खिलाफ शिकायत की है। इधर, रात में आरोपी दशरथ ने साकची थाने में सरेंडर किया। कहा- वारदात के समय मैं बोकारो में था। आरोप लगाने वालों पर केस करूंगा।
चेक मांगने पर विवाद फिर चलाई दो गोली
राहुल ने कहा- मैंने दशरथ से डेढ़ साल पूर्व 2 लाख रुपए सूद पर लिए थे। गांव की जमीन बेचकर सूद समेत उसे 4.60 लाख रुपए वापस कर दिया। पैसे लेते वक्त मैंने दशरथ को अपने दो ब्लैंक चेक दिए थे। पैसे वापस करने के बाद भी वो मुझे चेक नहीं दे रहा था। चेक बाउंस का केस करने की धमकी दे रहा था। इसको लेकर रविवार की रात फोन पर दोनों के बीच विवाद हुआ था। सोमवार शाम वो साकची में कोल्ड ड्रिंक पी रहा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो से दशरथ वहां आया और उसके साथ गाली गलौज करने लगा। चेक वापस मांगने पर मारपीट पर उतारू हो गया। विरोध किया तो कमर से पिस्तौल निकाल दशरथ ने फायरिंग कर दी।
पुलिस कर रही मामले की जांच, घटनास्थल से नहीं मिला खोखा
दशरथ शुक्ला द्वारा गोली चलाने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल से कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है।
-सुभाष चंद्र जाट, एसपी सिटी
बिष्टुपुर में... डीआईजी की क्लास, अपराधियों की लिस्ट बना सीसीए लगा जेल में रखें
बिष्टुपुर में हुई बैठक में डीआईजी ने कहा - हर थानेदार क्षेत्र के अपराधियों की लिस्ट तैयार कर जांच करें। जिन अपराधियों पर सीसीए लगाना है उनपर सीसीए लगा जेल से बाहर निकलने से रोकें। जेल से छूटे अपराधियों पर नजर रखवाएं। इसके बाद भी फायरिंग होगी, तो थानेदार की जवाबदेह होगी। बैठक में थानेदारों को डीजीपी के निर्देश पर 14 दिनों तक नशा के खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश दिया। नशा की चीजें बेचने की सूचना देने के लिए जिला पुलिस ने वाट्सएप नंबर 9508280976 जारी किया है। सूचना देने वालों का नाम गुप्त रखा जाएगा। साथ ही उनको इनाम भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान 15 नंवबर तक चलेगा। महिलाओं पर छेड़खानी की घटना रोकने के लिए उक्त नंबर पर खबर दी जा सकती है। एसएसपी, सिटी एसपी व डीएसपी के सरकारी नंबर पर भी आम लोग सूचना दे सकते हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3l5qsa1
via IFTTT
Comments
Post a Comment