प्रकाश पर्व दीपावली के अवसर पर जिलेभर में उत्साह का वातावरण बना रहा। जिला मुख्यालय और प्रखंडों में लोगों ने शुभ मुहूर्त में मां लक्ष्मी और श्रीगणेश का पूजन कर सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। वहीं जगमग दीयों से अमावसी अंधेरा दूर हुआ। पर्व को लेकर बच्चे काफी उत्साहित रहे। प्रशासन के निर्देशानुसार अधिकतर लोगों ने कम आवाज वाले पटाखे फोड़े। वहीं इस वर्ष दीपावली में चाइनीज बल्बों का बहिष्कार किया गया। लोगों ने मेड इन इंडिया विद्युत बल्ब के झालरों से अपने घर व प्रतिष्ठानों सजाए। दीपावली के अवसर पर घरों में बेटियों ने घरौंदा बनाने और उसमें पूजन करने की परंपरा निभाई। घरों और दुकानों को केले के पत्तों, फूल की लड़ियों और रंगीन विद्युत बल्बों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कुरडेग में सरकार की गाइडलाइन का पालन करते हुए लोगों ने दिवाली मनाई। रात के 8 बजे से 10 बजे तक ही पटाखे फोड़े गए। लोगों ने भक्ति- पूर्वक पूजा-अर्चना की और मिठाइयों का आनंद लिया। जिले के केरसई, बानो, ठेठईटांगर, बोलबा, पाकरटांड़, आदि प्रखंडों में भी दीपावली का उत्साह छाया रहा
नीचे बाजार व गुलजार गली में प्रतिमाएं स्थापित कर हुई पूजा
प्रकाश पर्व दीपावली के अवसर पर शहर की गुलजार गली और नीचे बाजार में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। गुलजार गली में श्रीगणेश, माता लक्ष्मी और मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान पूर्वक पूजा अर्चना की गई। इस अवसर पर आकर्षक पूजा पंडाल का निर्माण किया गया है। पंडाल को विद्युत बल्बों से सुंदर ढंग से सजाया गया है। इधर नीचे बाजार स्थित पूजा पंडाल में मां काली की प्रतिमा स्थापित कर पूजा की गई। यहां भी सुंदर सजावट की गई है। दोनों स्थानों में काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और दर्शन-पूजन करके सुख-शांति की प्रार्थना कर रहे हैं।
जैन भवन में मुनि पद्मराज ने की दीपावली साधना
दीपावली के अवसर पर शहर के जैन भवन में जैन मुनि डॉ पद्मराज महाराजं ने तीन दिनों की दीपावली साधना की। रविवार को यह साधना पूर्ण हुई। उन्होंने महामंगल पाठ सुनाया और सबों को दीपावली की बधाई दी। गुरु मां ने जैन मुनि डॉ पद्मराज महाराज की तपस्या और साधना का परिचय दिया। उन्होंने कई कर्णप्रिय भजन सुनाए। जैनमुनि ने भक्तों को अपने हाथों से अभिमंत्रित केसर का तिलक लगाया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/32PzVLc
via IFTTT
Comments
Post a Comment