Skip to main content

Jharkhand daily news

बिहार के विभिन्न जगहों के लिए दूरगामी बसों की ऑनलाइन-ऑफलाइन एडवांस टिकट की बुकिंग शुक्रवार से शुरू होगी। लॉकडाउन के बाद बसों का परिचालन बंद कर दिया था। झारखंड सरकार ने राज्य में बसों के परिचालन का आदेश पूर्व में दिया था, पर इंटरस्टेट बस का परिचालन आठ नवंबर से शुरू करने का आदेश दिया है। जमशेदपुर बस ऑनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने बस के परिचालन की तैयारी शुरू कर दी है।

एसो. के महासचिव राधवेंद्र सिंह झुन्ना व उपाध्यक्ष कुणाल किशोर ने कहा- छह नवंबर से ऑनलाइन-ऑफलाइन टिकट की एडवांस बुकिंग होगी। बसों के किराए का निर्धारण नहीं हुआ है। जमशेदपुर-रांची एसोसिएशन सहित राज्य के अन्य जिलों के एसोसिएशन के संपर्क में है।

शुक्रवार को भूइंयाडीह स्थित जय प्रकाश बस टर्मिनल में एसोसिएशन के सदस्यों की बैठक होगी, जिसमें किराए का निर्धारण होगा। गाइडलाइन के मुताबिक 50% पैसेंजर बस में बैठाने की अनुमति है, ऐसी स्थिति में किराया दोगुना किया जाएगा। स्लीपर सीट पर एक पैसेंजर को बैठने की अनुमति होगी। ऐसी स्थिति में किराया बढ़ाया जाएगा। एसी व नन एसी बसों का किराया अलग-अलग होगा।

टाटा से पटना निजी गाड़ी से जाने आने में एक परिवार का खर्च पड़ रहा 20-25 हजार रु.

(आमना अली) हर साल जमशेदपुर से हजाराें लोग बिहार व यूपी में अपने घर छठ मनाने जाते हैं। लेकिन, कोरोना के कारण इस बार लोगाें को घर जाने के लिए तीन से चार गुना ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। बिहार-यूपी जाने वाली सभी बसाें की डबल किराए के साथ बुकिंग शुरू होने वाली है। ऐसे में लोग अब निजी वाहनों का सहारा ले रहे हैं। इसका फायदा निजी ट्रैवल एजेंसियां उठा रही हैं।

ट्रैवल एजेंट लोगों से तीन से 4 गुना ज्यादा किराया मांग रहे हैं। जमशेदपुर से पटना आने-जाने के लिए एक परिवार को कम से कम से 20 से 25 हजार रुपए खर्च करना पड़ रहा है। ट्रैवल एजेंटों का कहना है कि प्रति किमी और फिक्स रेट पर लोग गाड़ी बुक कर रहे हैं। प्रति किमी पर 10-11 रुपए व टोल टैक्स चुकाने पड़ेंगे। ड्राइवर के खाने-पीने के लिए 500 रुपए अतिरिक्त चार्ज होंगे।

परिवार में पांच लोग हैं तो दस के टिकट का करना होगा भुगतान

गाइडलाइन के अनुसार एक सीट पर एक सवारी काे बैठाना है। अगर एक परिवार में पांच लोग सफर कर रहे हैं तो उन्हें 10 टिकट का भुगतान करना पड़ेगा। जमशेदपुर से पटना का किराया 1000 रुपए प्रति सवारी है। ऐसे में पांच लोगों के लिए 10 हजार रुपए चुकाना होगा।

एक बस में 52 की जगह सिर्फ 23 यात्रियों को ही मिलेगी इंट्री

जमशेदपुर बस ऑनर के अध्यक्ष राकेश रोशन ने कहा- शहर से पटना जाने वाली बस का किराया प्रति व्यक्ति एक हजार रुपए है। जबकि, उन्हें कोविड-19 के चलते प्रति सवारी 2000 रुपए देना पड़ेगा। 52 सीटर बस में सिर्फ 23 लोग ही सफर कर सकते हैं।

निजी वाहनों में स्विफ्ट डिजायर और इनोवा की हो रही ज्यादा बुकिंग

बस में किराया डबल होने से लोग निजी वाहनों की तरफ रुख कर रहे हैं। सबसे ज्यादा स्विफ्ट डिजायर व इनोवा को पसंद कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब खर्च कर ही रहे हैं तो फिर आराम से जाएंंगे।

-कमलजीत, ऑनर, भाटिया ट्रैवल

हर बार की तरह इस बार का माहौल अलग है। डीजल का रेट 74 रुपए है। सब कुछ देखना पड़ता है। किराया नहीं बढ़ाएंगे को ड्राइवरों को क्या देंगे। गाड़ी का मेंटेनेंस भी रखना है, लोगों पर बोझ बढ़ेगा ही।

-मनोज सिंह, नीलेश ट्रैवल एजेंसी

हमारी मजबूरी है, मार्च से बसें बंद हैं पर परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। सरकार हमें छूट नहीं दे रही है, सरकार की गाइडलाइन का पालन किया जाएगा।

-राकेश रोशन, अध्यक्ष, जमशेदपुर बस एसोसिएशन



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3l8YGte
via IFTTT

Comments