राजधानी समेत प्रदेश में पिछले लगभग दो हफ्ते से गायब ठंड रविवार की शाम से लौटने के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी में कोई सिस्टम नहीं है, इसलिए बादल आने का सिलसिला रुक गया है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि बस्तर के कुछ हिस्से में बादल छा सकते हैं, लेकिन रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभागों में मौसम साफ होने लगेगा। इससे रविवार की रात तापमान में एक-दो डिग्री की कमी आने की संभावना है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले तीन-चार दिन में दिन और रात के तापमान में 5 डिग्री तक की कमी आ सकती है। राजधानी में शुक्रवार की शाम दो घंटे बारिश हुई। इसके बावजूद रात का तापमान 22.6 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से 7 डिग्री ज्यादा था। दिन का तापमान जरूर गिरा। अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री कम था। शनिवार की शाम हल्की ठंड का अहसास हो रहा था। शुक्रवार को हुई बारिश के कारण ऐसा हुआ। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि खाड़ी में कोई सिस्टम नहीं है, इसलिए पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा।
राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री व न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रहने के आसार हैं। रविवार रात से ही हल्की ठंडक महसूस हो सकती है, लेकिन सोमवार रात से तापमान कम होने लगेगा। राजधानी में नवंबर के पहले सप्ताह में तापमान 17 डिग्री पर आ गया था, जो दशक का नवंबर का सबसे कम तापमान था। पश्चिम विक्षोभ व हवा की दिशा दक्षिण-पूर्वी होने के कारण ठंड कम हो गई। अब उत्तर भारत से आने वाली हवा से प्रदेश में ठंड बढ़ेगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2UR1UWu
via
Comments
Post a Comment