Skip to main content

34 नए केस, बिहार चुनाव से लौटे 4 जवान पॉजिटिव

गुरूवार को जिले में 34 नए कोराेना पॉजिटिव पाए गए। इस सूची में कांकेर शहर में एक मात्र मरीज मिलने से काफी राहत मिली है। जबकि जंगलवार में कोरोना की फिर से वापसी हो गई है। गुरूवार को जंगलवार कालेज में 4 जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसके एक दिन पहले बुधवार को जंगलवार के 7 जवान पॉजिटिव पाए गए थे। गुरूवार को भानुप्रतापपुर के कन्हारगांव के एसएसबी कैंप में दो जवान पॉजिटिव पाए गए हैं।
जंगलवार कालेज में पिछले दो दिन में कुल 11 जवान पॉजिटिव मिल चुके हैं। इन सभी जवानों की ड्यूटी बिहार चुनाव में सुरक्षा के लिए लगाई गई थी। जंगलवार में सुरक्षा में तैनात कुल 70 जवानों को बिहार में चुनाव संपन्न कराने भेजा गया था। मतदान पूर्ण होने के बाद इन जवानों की टुकड़ी वापस जंगलवार कालेज कांकेर आई। बाहर से आने के कारण इन जवानों की सुरक्षा के मद्देनजर कोरोना जांच की गई। इसमें पहले बुधवार को 7 व गुरूवार को 4 जवान पॉजिटिव पाए गए। हालांकि इन जवानों में कोरोना के कोई लक्षण नहीं दिख रहे हैं। पॉजिटिव पाए गए जवानों को एहतियात व जंगलवार में संक्रमण न फैले इसके लिए कालेज के अंदर बने क्वारेंटाइन सेंटर में रखा गया है। अन्य जवानों को भी अलग अलग जगह तैनात किया गया है। विदित हो कि इसके पूर्व जंगलवार में कुल 115 जवान अलग अलग तारीखों में पॉजिटिव पाए गए थे। इनमें उनके परिवार के लोग भी शामिल थे। एक जवान को छोड़ अन्य सभी जवानों को जंगलवार कालेज के अस्पताल में रख इलाज किया। इसमें सभी ठीक हो गए तथा पिछले महीने तक यहां कोई भी जवान पॉजिटिव नहीं था।

गुरूवार को जिले में कोरोना की स्थिति

  • 5061 कुल पॉजिटिव
  • 238 कुल एक्टिव

बांदे में 6 पॉजिटिव मिले
पखांजूर के बांदे में भी 6 पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें दो एक ही परिवार के तथा अन्य चार आस पड़ोस के रहने वाले हैं। इन सभी पॉजिटिव में कोरोना के लक्षण नहीं दिखने से उन्हें घर पर ही होम आइसोलेशन में रखा गया है। पॉजिटिव आए लोगों का कहना है कि वे पूरी तरह एहतियात बरत रहे थे।

कांकेर के 200 बेड में 180 खाली
यह भी राहत देने वाली खबर है कि 200 बिस्तर वाले कांकेर कोविड अस्पताल में मात्र 20 कोरोना पॉजिटिव मरीज ही भर्ती है। 180 बिस्तर खाली है। इसी तरह 50 बिस्तर वाले दुर्गूकोंदल कोविड सेंटर में मात्र 16 तथा नरहरपुर में 21 मरीज ही भर्ती हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2GWq0vH
via

Comments