Skip to main content

सूरजपुर में युवक की हत्या कर कुएं में फेंकी लाश, 3 दिन बाद आरोपी पुलिस के पास पहुंचा; पति-पत्नी सहित 3 अरेस्ट

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में लव ट्राइंगल में चौथे प्रेमी की हत्या कर उसके शव को महिला के घर के कुएं में ही फेंक दिया। घटना के तीन दिन बाद महिला का पति थाने पहुंचा और कुएं में शव होने की जानकारी पुलिस को दी। मामले में दंपती सहित 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले का खुलासा शनिवार देर शाम तक करेगी।

जानकारी के मुताबिक, तिलसिंवा गांव निवासी भानु प्रताप राजवाड़े 18 अक्टूबर को थाने पहुंचा और घर के कुंए में शव होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो पा रही थी। इस पर पुलिस ने सोशल मीडिया पर फोटो सर्कुलेट की। इसके बाद मृतक की शिनाख्त कृष्णपुर निवासी चंदेश्वर सोनवानी ने अपने भाई शंकर सोनवानी के रूप में की थी।

भानु प्रताप की पत्नी से ही आखिरी बार हुई थी शंकर की बात
पुलिस को शंकर के शव के साथ कपड़ों में एक मोबाइल फोन भी मिला था। उसकी कॉल डिटेल से पता चला कि शंकर की आखिरी बार बात भानु प्रताप की पत्नी हेमा से हुई थी। पुलिस ने हेमा की कॉल डिटेल चेक किया तो उसमें अंतिम बार किसी संजय रवि से बात होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। वहीं पोस्टमार्टम में शंकर की हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।

शंकर को शराब पिलाकर हेमा के घर ले गया संजय
पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो संजय ने बताया कि 15 अक्टूबर को शंकर के साथ रात करीब 12 बजे तक शराब पी। इसके बाद दोनों हेमा राजवाड़े के घर गए। वहां हेमा, उसके पति भानु प्रताप के साथ बैठकर चारों ने फिर शराब पी। आरोप है कि नशे की हालत में जब शंकर बाड़ी की ओर गया तो भानु ने उसके सिर पर डंडे से वार किया। वह बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद तीनों ने उसे उठाकर कुएं में फेंक दिया।

पुलिस को गुमराह करने के लिए भानु पुलिस के पास पहुंचा
घटना के तीन दिन बाद पुलिस को गुमराह करने की मंशा से आरोपी भानु प्रताप ने पुलिस को सूचना दी थी। वहीं घटना के बाद भी आरोपी संजय और हेमा के बीच मोबाइल पर कई बार बात हुई थी। बताया जा रहा है कि संजय भी हेमा का प्रेमी है। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या का कारण स्पष्ट नहीं किया है। संभवत: देर शाम तक पुलिस की ओर से इसको लेकर जानकारी दी जाएगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में प्यार के ट्राइंगल में चौथे प्रेमी की हत्या कर उसके शव को महिला के घर के कुएं में ही फेंक दिया। पुलिस ने दंपति सहित 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3frclcT
via

Comments