पंडरी थोक कपड़ा मार्केट में जाने वालों को आखिरकार अगले कुछ महीने में पार्किंग को लेकर होने वाली परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। दरअसल प्रशासन, निगम और थोक कपड़ा व्यापारी संघ ने पंडरी मार्केट में 250 गाड़ियों की पार्किंग बनाने का फैसला कर लिया है। यह पार्किंग देवेंद्रनगर से पंडरी जाने वाली सड़क पर यानी छत्तीसगढ़ हाट के बगल वाली सड़क पर महालक्ष्मी मार्केट की बाउंड्रीवाॅल 12 फीट पीछे करके बनाई जाएगी। इस दीवार और महालक्ष्मी मार्केट की दुकानों के बीच 25 फीट से ज्यादा का फासला है, जिसमें से आधा ही लिया जा रहा है। सिर्फ ऐसा करने से इस सड़क पर 250 गाड़ियों की पार्किंग बन जाएगी। पंडरी क्लाथ मार्केट से इस पार्किंग के बीच एक चौक का फासला है, इसलिए इससे मार्केट में जाम के साथ-साथ अवांछित भीड़ का संकट भी खत्म होगा, क्योंकि वहां गाड़ियां पार्क कर लोग मार्केट तक पैदल ही आना-जाना करेंगे।
महालक्ष्मी मार्केट की दीवार पीछे होने से देवेंद्रनगर से पंडरी की ओर जाने वाली सड़क भी चौड़ी हो जाएगी। यही सड़क बायपास होकर सिटी सेंटर मॉल और बस स्टैंड की मुख्य सड़क की ओर भी मिलती है। रोड चौड़ी होने से यहां से आने-जाने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी। खासतौर पर बड़ी गाड़ियों के गुजरने से होने वाला जाम खत्म होगा। इस नए प्लान पर काम शुरू करने के लिए इसी हफ्ते महापौर एजाज ढेबर ने जोन अफसरों और कपड़ा एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ दौरा भी किया। जांच के दौरान ही यह तय कर लिया गया है कि महालक्ष्मी क्लॉथ मार्केट की दीवार पीछे की जाएगी। अफसरों का दावा है कि अगले महीने इस काम का वर्कऑर्डर भी जारी कर दिया जाएगा। यानी नए साल में लोगों को पार्किंग के लिए जगह मिलना तय है।
सहमति से सड़क पर खुले शोरूम के शटर बंद करवाने की कोशिश
पंडरी में मुख्य सड़क की ओर खुली 77 से ज्यादा दुकानों के प्रवेश द्वार को लेकर भी सहमति बनानी की कोशिश की जा रही है। फिलहाल यह मामला कोर्ट में होने की वजह से अभी कोर्ट के निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है। दुकानदारों को इस बात में राजी किया जा रहा है कि अभी मुख्य सड़क की ओर खुली दुकानों के शटर बंद कर दिए जाए, जिससे सड़क पर गाड़ियां खड़ी न हो। इस तरह की दुकानों की संख्या ज्यादा नहीं है और इन सभी दुकानों का एक और गेट बाजार के अंदर है। इसलिए इन्हें कारोबार करने में किसी भी तरह की परेशानी नहीं होगी। इस मामले में थोक कपड़ा व्यापारी एसोसिएशन भी कारोबारियों की सहमति के लिए संयुक्त रूप से प्रयास कर रहा है।
"अफसरों के साथ मौके का मुआयना कर लिया है। महालक्ष्मी क्लॉथ मार्केट की दीवार को तोड़कर वहां 250 गाड़ियों की नई पार्किंग बनाने से समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।"
-एजाज ढेबर, महापौर रायपुर
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Vd4sOS
via
Comments
Post a Comment