Skip to main content

Jharkhand daily news

राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में कम से कम एक शारीरिक शिक्षक की नियुक्ति को अनिवार्य करने की तैयारी हो रही है। फिट इंडिया मूवमेंट के तहत शारीरिक शिक्षकों की नियुक्ति के लिए बनी कमेटी की रिपोर्ट में यह अनुशंसा की गई है। यह रिपोर्ट शीघ्र ही विभागीय सचिव को सौंपी जानेवाली है। रिपोर्ट में स्कूली छात्रों के लिए बचपन से ही शिक्षा के अभ्यास के साथ-साथ खेल के अभ्यास पर भी जोर दिया गया है। स्कूलों को चार कैटेगरी में बांटा गया है।

पहली कैटेगरी में ऐसा स्कूल होगा, जो फिट इंडिया मूवमेंट से अलग हो। दूसरी कैटेगरी में फिट इंडिया मूवमेंट में शामिल स्कूल। तीसरी कैटेगरी में फिट इंडिया मूवमेंट के थ्री स्टार वाले स्कूल और चौथी कैटेगरी में फाइव स्टार वाले स्कूल शामिल हैं। गौरतलब है कि पूरे राज्य में 200 शारीरिक शिक्षकों की नियुक्ति झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा की गई है। रिपोर्ट की अनुशंसा के मुताबिक, सभी स्कूलों में शारीरिक शिक्षकों की नियुक्ति को अनिवार्य बनाया गया है।

417 स्कूलों ने फिट इंडिया मूवमेंट के तहत फ्लैग पाने के लिए आवेदन किया

वर्तमान में राज्य के 417 स्कूलों ने फिट इंडिया मूवमेंट के तहत फ्लैग पाने, 150 स्कूलों ने थ्री स्टार और 28 स्कूलों ने फाइव स्टार के लिए अप्लाई किया है। फिट इंडिया मूवमेंट से अलग रहनेवाले वैसे स्कूल होंगे, जिनके पास अपना खेल का मैदान नहीं है या वहां बच्चों की संख्या बहुत कम हो। अभी राज्य के 16 हजार सरकारी स्कूलों में खेल का मैदान नहीं है। इन स्कूलों के छात्र-छात्राएं अपने विद्यालयों के खेल शिक्षक के संरक्षण में निकटतम स्कूल या खुले सार्वजनिक स्थलों पर जाकर खेल का अभ्यास करेंगे।

सरकारी स्कूलों को ऐसे केटेगरी में बांटा गया

फिट इंडिया फ्लैग: जिन स्कूलों को फिट इंडिया स्कूल का फ्लैग मिलेगा, उसके लिए जरूरी है कि उस स्कूल में अनिवार्य रूप से शारीरिक शिक्षा में प्रशिक्षित एक शिक्षक हों। उस स्कूल में एक खेल का मैदान हो और वहां दो या दो से अधिक आउटडोर खेल खेले जाते हों। यह खेल फुटबॉल, क्रिकेट, खो-खो, कबड्डी आदि हो सकते हैं। यहां के छात्रों को दैनिक रूप से शारीरिक गतिविधियों पर 60 मिनट या उससे अधिक समय देना तय किया जाएगा।

फिट इंडिया थ्री स्टार स्कूल: इन स्कूलों में छात्रों के साथ शिक्षकों को भी फिट रहना होगा। यहां के सभी शिक्षकों को हर दिन 60 मिनट या अधिक समय फिटनेस एक्टिविटी को देना होगा। कम से कम दो प्रशिक्षित शारीरिक शिक्षक होंगे। उन्हें किसी भी दो खेल में अनिवार्य रूप से पारंगत होना होगा। यहां पर दाे आउटडोर खेल समेत चार खेलों के लिए खेल सुविधाएं होंगी। प्रत्येक स्टूडेंट को कम से कम दो खेल खेलना होगा।

फिट इंडिया फाइव स्टार स्कूल: इस कैटेगरी के स्कूल में सभी शिक्षकों को शारीरिक शिक्षा में अनिवार्य रूप से प्रशिक्षित होना होगा। इन स्कूलों में आउटडोर और इनडोर खेल की व्यवस्था होगी। दो या अधिक खेल कोच होंगे। प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाड़ी होंगे, जिन्हें पर्याप्त प्रशिक्षण की सुविधा होगी। स्कूल द्वारा सभी बच्चों का वार्षिक फिटनेस मूल्यांकन किया जाएगा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
प्रतीकात्मक फोटो


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3jn8vmi
via IFTTT

Comments