Skip to main content

Jharkhand daily news

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को उपराजधानी दुमका शहर और आसपास के इलाकों में कई चुनावी सभाओं को संबोधित किया। लखीकुंडी में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दुमका और बेरमो विधानसभा सीट की जीत-हार से राज्य सरकार की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। हमारे साथ 50 विधायक हैं, लेकिन आपके निर्णय से सरकार को और मजबूती मिलेगी। आपके निर्णय से इन भाजपाइयों को और जोर से लाठी-डंडे से खदेड़ देंगे। कहा कि तीन नवंबर को चुनाव होना है। आपके पास आपका वोट ऐसा हथियार है, जिससे जीत, हार होगी।

आप इस बार इनको सिखाइए, समझाइए कि अब यहां भाजपाइयों की नहीं चलेगी। अब यहां झारखंडियों की, आदिवासियों, दलितों, गरीब, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों की चलेगी। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर हमलावर होते हुए कहा कि हम अच्छा काम कर रहे हैं, तो हमारी गति रोकने के लिए केंद्र सरकार हमारे बैंक खाता से सीधे पैसा निकाल कर अपने खाते में ले जा रही है। इसलिए हमें कई जगह लड़ाई लड़नी है। राजनीतिक लड़ाई भी लड़नी है और आंदोलन भी करना है। हमने बड़ी मुश्किल से इन 20 सालों में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई है। तीन नवंबर को चुनाव होना है। एक नंबर बटन दबाकर भाजपा को एक जोरदार सबक दीजिए कि अब राज्य में उसकी मनमानी नहीं चलेगी, सिर्फ झारखंडियों की चलेगी।

भाजपा अपने घोषणा पत्र में शामिल कर ले बहुमत किसी की होगी, सरकार वही बनाएगी : डॉ. उरां

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी बहुमत के अनादर की बात अपने घोषणा पत्र में ही शामिल कर ले। यह भी शामिल कर ले कि चुनाव में बहुमत भले ही किसी को मिले, सरकार भाजपा की बनेगी। डॉ. उरांव के जारी बयान में कहा गया है कि जिस तरह से दुमका और बेरमो में भाजपा द्वारा यह प्रचारित किया जा रहा है कि दोनों सीटों पर जीत से राज्य में सत्ता परिवर्तन हो जाएगा, यह भाजपा नेताओं के सरकार को अस्थिर करने की साजिश को दर्शाता है।

राज्य के साथ केंद्र सौतेला व्यवहार कर रहा: आलमगीर

ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने कहा है कि जब से राज्य में भाजपा की सरकार सत्ता से बाहर हुई है, केंद्र सरकार द्वारा झारखंड के साथ लगातार सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। हमारी सरकार को बेवजह परेशान किया जा रहा है। जीएसटी, कोयले की रॉयल्टी का पैसा नहीं दे रही है। हाल में ही 1417.5 करोड़ रुपए काटकर केंद्र सरकार ने झारखंड की जनता से भाजपा को सत्ता से बाहर करने का बदला लेने प्रयास किया है। राज्य की जनता बेरमो एवं दुमका उपचुनाव में भाजपा को एक बार फिर से हराकर बदला लेगी। आलमगीर ने बेरमो के रहीमगंज, खेतको एवं बारू गांव का दौरा करते हुए लोगों से ये बातें कहीं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Give a lesson to BJP with your vote, now only Jharkhandis will run here: CM


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/34xjg0b
via IFTTT

Comments