Skip to main content

घर-घर जाकर बीमार लोगों की होगी अब स्वास्थ्य जांच

शहर में दो स्थानों पर लगे कोरोना जांच कैंप में लोग जांच कराने नहीं पहुंच रहे हैं। इसलिए अब घर-घर जाकर संदिग्धों की पहचान के लिए अभियान चलाया जाएगा। जशपुर शहरी इलाके में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ नपा की टीम सर्वेक्षण दल के रूप में घर-घर पहुंचेगी और हर घर में यह पता लगाया जाएगा कि कहीं कोई बीमार तो नहीं है। बीमार पड़े हर व्यक्ति की कोरोना जांच कराकर, यदि वह पॉजिटिव मिलता है तो उसका इलाज शुरू किया जाएगा। सर्वेक्षण दल से सही जानकारी छिपाने वालों पर महामारी एक्ट के तहत कार्रवाई भी हो सकती है।

सीएमओ बसंत बुनकर ने बताया कि नगरीय इलाके के लिए टीम तैयार कर ली गई है। सभी इलाके में संबंधित पारा मोहल्ला की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व पार्षदों को सर्वेक्षण दल में शामिल किया गया है। सर्वेक्षण दल में नपा के आरआई और एंबेसडर भी होंगे। शहरी इलाके में जल्द ही सर्वेक्षण का काम शुरू किया जाएगा। सर्वे दल की दस्तक हर एक घर में होगी।

यह तीन काम होने हैं

कोरोना के सर्विलेंस आफिसर डॉ.आरएस पैंकरा ने बताया कि सर्वेक्षण दल द्वारा मुख्य रूप से जागरूकता पर काम किया जाना है। ताकि लोग बीमारी की गंभीरता को समझें और अपने व अपने परिवार की जान बचाने के लिए जांच के लिए आगे आएं। सर्वेक्षण दल द्वारा तीन बिंदुओं पर घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।

1. मास्क का उपयोग

भास्कर ने मास्क ही वैक्सीन अभियान चलाया जाएगा। सर्वेक्षण दल के कर्मचारियों द्वारा भी घर-घर जाकर यह बताया जाएगा कि मास्क कोरोना की रोकथाम में कितना कारगर है। इसलिए घर से निकलते वक्त मास्क का उपयोग जरूरी है।

2. सोशल डिस्टेंसिंग

जागरूक करने के लिए अब घर-घर जाकर सोशल डिस्टेंसिंग के बारे में बताया जाएगा। यह बताया जाएगा कि जब भी घर से बाहर निकलें ताे आवश्यक रूप से फिजिकल डिस्टेंसिंग बनाकर रखें। इसे अपनाकर अाप संक्रमण से बचे रह सकते हैं।

3. हाथ धोना

कोरोना की रोकथाम में तीसरा प्रभावी तरीका हाथ धोना है। हमेशा अपने चेहरे, आंख, नाक व मुंह को हाथ से स्पर्श ना करें। जब भी घर पर बाहर से आएं साबुन से हाथ धोएं और बाहर हैंड सैनिटाइजर का उपयोग करें।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/33uOa9f
via

Comments