Skip to main content

पाइप बिछाने हर वार्ड में खोद दी सड़क

पानी के लिए यदि हैंडपंपों की आगे लाइन लगाने से बचना है और घर बैठे पानी चाहिए तो कुछ दिनों तक सड़क भूल जाइए। नगर पंचायत कोतबा में इसी तर्ज पर पीएचई विभाग ने नई पाइप लाइन लगाने के लिए काम किया जा रहा है। नगर के सभी 15 वार्डों में मुख्य पाइप लगाने के लिए सभी सीसी सड़कों को खोद दी गई है। अभी नगर में एक भी ऐसी सड़क नहीं बची है जो सुरक्षित हो। पाइप लगाने के बाद गड्ढे तो भर दिए जा रहे हैं पर उसकी रिपेयरिंग का काम प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद किया जाएगा। इसमें महीनों लग सकता है।
नगरवासियों को स्वच्छ पेयजल मुहैया कराने के उद्देश्य से पीएचई विभाग ने जलावर्धन योजना में काम शुरू किया है। यह 8 करोड 50 लाख की याेजना है। इसके तहत पूरे नगरीय में पानी सप्लाई के लिए 33 किमी लंबी पाइप लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है। योजना से नगर की 10 हजार की आबादी को सीधा लाभ होगा, पर इस योजना में नगरीय क्षेत्र में हो रहे काम से लोगों की समस्याएं शुरू हो गई है। सीसी सड़कों को खोदकर पाइप लाइन बिछाने से सड़कों में गड्‌ढे बन गए हैं। अभी बरसात खत्म नहीं हो पाई है इसलिए खोदी गई सड़कों पर मिट्‌टी डालने के बावजूद कीचड़ का आलम है। जिस इलाके में सड़क खोदी जा रही है, उस इलाके में दो से तीन दिन आवागमन प्रभावित हो रहा है। लोग सिर्फ पैदल या दोपहिया वाहन से घरों से निकल रहे हैं। कुछ घर के लोग घरों से दोपहिया तक नहीं निकाल पा रहे हैं। नगर में पानी सप्लाई के लिए कोतबा चौकी के पास एसएलआरएम सेंटर के बगल में नए फिल्टर प्लांट की स्थापना कर ली गई है। इस फिल्टर प्लांट में पानी को साफ करने के बाद लोगों को सप्लाई होगा, ताकि लोगों को साफ पानी मिल सके। नगर में पानी की सप्लाई खमगड़ा जलाशय से होगी। खमगड़ा जलाशय जिले की बड़े जलाशयों में से एक है, जिसमें साल भर पानी पर्याप्त मात्रा में रहता है।

काम पूरा होने के बाद कराएंगे रिपेयरिंग
"जलावर्धन योजना के तहत नई पाइप लाइन लगाने का काम किया जा रहा है। यह योजना नगर के 10 हजार की आबादी को साफ पानी मुहैया कराने के लिए है। काम पूरा होने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों को हमारे विभाग द्वारा द्वारा ही ठीक कराया जाएगा।''
-एसके नायक, इंजीनियर,पीएचई विभाग
टेस्टिंग के बाद कनेक्शन

"सड़क की रिपेयरिंग का काम पीएचई विभाग द्वारा कराया जाएगा। पाइल लाइन बिछने पर नगर पंचायत द्वारा कनेक्शन देने का काम टेस्टिंग के बाद किया जाएगा।''
-पुष्पा खलखो, सीएमओ, नपं



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/311koqN
via

Comments