राजधानी में बढ़ती ऑनलाइन ठगी की घटनाओं को रोकने के लिए सायबर संगवारी अभियान चलाया जाएगा। पुलिस इसके जरिये आम लोगों को ठगों से बचने के लिए जागरुक करेगी। इसके लिए पुलिस शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके मार्केट से लेकर मॉल में जाकर लोगों को ऑनलाइन ठगी करने वालों के पैंतरे बताकर उनसे बचने के तरीके बताएगी। उन्हें बताया जाएगा कि किस तरह से ऑनलाइन ठगी का रैकेट चल रहा है। लोगों को किस-किस तरह का झांसा देकर फंसाया जा रहा है। अभियान के दौरान लोगों को ऑन लाइन ठगी की बारीकियां समझायी जाएंगी। ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस अभियान में जोड़ने के लिए उन्हें पुलिस का मित्र बनाया जाएगा।
एसएसपी अजय यादव ने बताया कि क्राइम का नया ट्रेंड चल रहा है। अपराधी अब सीधे लूटपाट से ज्यादा लोगों को बातों में उलझाकर और हाईटेक तकनीक के माध्यम से लोगों के पैसे चोरी कर रहे हैं। ऑन लाइन सुविधाएं लोगों का काम आसान करने के लिए है, लेकिन ऑन लाइन ठगों ने इस सुविधा को ही अपना हथियार बना लिया है। अधिकांश के पास मोबाइल है। मोबाइल का लिंक बैंक खाते से है। लोग सोशल मीडिया से भी जुड़े हुए हैं। ऑन लाइन ठगी करने वाले जालसाज इन्हीं साधनों का उपयोग कर लोगों के खाते में सेंध लगा रहे हैं। हाईटेक तकनीक की मदद से वे बिना किसी मशक्कत के लोगों के पैसे उड़ा रहे हैं। ऑनलाइन ठगी से लोगों को बचाने के लिए रायपुर पुलिस सायबर संगवारी अभियान शुरू करेगी। अभियान के दौरान लोगों को बताया जाएगा कि कैसे वे ठगी के शिकार होने से बच सकते हैं। यह अभियान किसी चार दीवारी या मैदान में नहीं होगा। मार्केट से लेकर मॉल समेत ऐसे सार्वजनिक स्थान पर किया जाएगा, जहां लोगों की उपस्थिति ज्यादा होती है।
पर्दे में बताया जाएगा कैसे होती है ठगी
लोगों को जागरूक करने के लिए पुलिस देश में हो रही ठगी की वीडियो या शॉर्ट फिल्म तैयार कर रही है। शार्ट फिल्म की मदद से बताया जाएगा कि लोगों को किस तरह के कॉल आते हैं? कैसे बातों में उलझाकर लोगों को झांसे में लिया जाता है या ठग अपने जाल में फंसाते हैं? वीडियो के माध्यम से बताया जाएगा। उसमें यह भी दिखाया जाएगा कि कैसे इससे बचा जा सकता हैं। किस तरह की सावधानी अपनानी चाहिए और कैसे अलर्ट रह सकते हैं। इसके लिए पुलिस के जवानों को भी ट्रेनिंग दी जाएगी। ताकि लोगों को समझाया जा सके और उनके सवालों का जवाब दिया जा सके।
खाते की जानकारी शेयर नहीं करने की अपील
पुलिस सोशल मीडिया में लोगों से लगातार अपील कर रही हैं कि किसी भी अनजान व्यक्ति से बैंक की जानकारी या खाता नंबर शेयर न करें। जिस मोबाइल नंबर का सबसे ज्यादा उपयोग कर रहे हैं। उसे बैंक से लिंक न करें या नेटबैंकिंग से न जोड़ें। बैंकिंग के लिए अलग से नंबर रखे, जिसका ज्यादा उपयोग नहीं करते हैं। बैंक से संबंधित जानकारी के लिए कभी भी कॉल आने पर जानकारी न देवें, जरूरी होने पर अपने नजदीक के बैंक चले जाएं। मैसेज में आए किसी भी लिंक को खोलें नहीं या उसमें रिचार्ज न करें। एटीएम और क्रेडिट कार्ड का उपयोग करते समय हमेशा सावधानी बरतें।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3ki8kt1
via
Comments
Post a Comment