सांसद गोमती साय ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर प्रदेश की सुरक्षा पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों में पैरामिलिट्री फोर्स की सक्रियता के कारण अभी प्रदेश पहले की तुलना में शांत है। राजनाथ सिंह ने गोमती साय से बस्तर संभाग सहित उनके लोकसभा क्षेत्र की नक्सली समस्या के बारे में पूछा।
गोमती साय ने जिले में नक्सली समस्या के बारे में बताया कि फिलहाल जशपुर में जो शांति है वह भी सीआरपीएफ बटालियन की तैनाती के कारण है। पर जशपुर से फोर्स को हटाने पर कार्रवाई चल रही है। कुछ माह पहले ही जब फोर्स की रवानगी की तैयारी थी, तत्काल नक्सली गतिविधियां शुरू हो गईं थी। अभी भी जशपुर जिले के पड़ोसी राज्य झारखंड के दो जिले गुमला और सिमडेगा में नक्सली गतिविधियां तेज हैं। सांसद साय ने रक्षामंत्री से जशपुर से सीआरपीएफ बटालियन को नहीं हटाने की मांग रखी। इसके साथ ही क्षेत्र की अन्य समस्याओं पर भी चर्चा हुई। कानून व्यवस्था के बिगड़ते हालात को भी सांसद साय ने बताया और कहा कि जशपुर जिले में बड़ी आपराधिक घटनाओं को दबाया जा रहा है। उन्होंने नाबालिग पहाड़ी कोरवा युवती की मौत की घटना को बताया।
जशपुर आने का दिया न्योता
सांसद गोमती साय ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को एक बार फिर जशपुर आने का न्यौता दिया है। गौरतलब है कि स्व.दिलीप सिंह जूदेव राजनाथ सिंह के चहेते नेताओं में से एक थे। जूदेव के वक्त राजनाथ सिंह का जशपुर कई बार आगमन हुआ है। सांसद साय ने बताया कि रक्षामंत्री ने इस आग्रह को स्वीकार किया है और जशपुर जरूर आने की बात कही।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/31eODKS
via
Comments
Post a Comment