मार्च के बाद से ही लगातार लॉकडाउन झेल रहे कारोबारियों को अब नवंबर में दिवाली का इंतजार है। इस बारे लगभग सारे त्योहार नहीं के बराबर कारोबार के साथ गुजरे हैं, लेकिन नवरात्रि से दिवाली तक हर सेक्टर को उम्मीद है कि बिजनेस संभलेगा। रियल एस्टेट, सराफा, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े, श्रृंगार सामग्री, बर्तन कारोबारियों ने तैयारी शुरू की है, लेकिन सख्त नियमों की वजह से कारोबार चलाने में अब भी कई व्यावहारिक दिक्कतें आ रही हैं। रियल एस्टेट कारोबारी रजिस्ट्री में वेटिंग और अप्वाइंटमेंट सिस्टम को बड़ा रोड़ा मान रहे हैं, तो अन्य राज्यों पर आधारित कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि माल मंगवाने में कई तरह के नियमों का रोड़ा आ गया है। इन सब दिक्कतों से राहत के लिए प्रदेश के सभी बड़े व्यापारिक संगठनों ने अफसरों बातचीत शुरू कर दी है। रियल एस्टेट के कारोबार में अभी भी बिल्डरों के साथ ही आम लोग भी परेशान हो रहे हैं। दैनिक भास्कर के लगातार अभियान के बाद अभी रजिस्ट्री के लिए 45 के बजाय 100 लोगों को अप्वाइंटमेंट मिल रहा है। लेकिन पिछली बार लॉकडाउन के पहले से पंजीयन दफ्तर बंद होने की वजह से 2500 से ज्यादा का बैकलॉग भी है। इस वजह से छत्तीसगढ़ क्रेडाई ने एक बार फिर से आईजी पंजीयन से मांग की है कि पुराने बैकलॉग को खत्म करने के लिए अप्वाइंटमेंट की संख्या बढ़ाई जाए।
ऐसा नहीं हो पा रहा है तो लोगों को 10 दिनों के बजाय 15 से 30 दिन का तक समय दिया जाए। इससे लोग महीनेभर में कभी भी आसानी से रजिस्ट्री के लिए एप्वाइंटमेंट ले सकेंगे। नवंबर के लिए बुकिंग अक्टूबर में ही शुरू होती है तो दिवाली में लोगों का बेहतर रिस्पांस मिलेगा।
लोगों की गलती, जुर्माना दुकानों पर
शहर में अभी दुकानों, बाजारों या सार्वजनिक जगहों पर सोशल-फिजिकल डिस्टेसिंग के नियमों का पालन नहीं हो रहा है। लोग लापरवाही के साथ बिना दूरी बनाए सामान की खरीदी कर रहे हैं और कई जगहों पर मास्क भी नहीं लगाते हैं। लोगों की इस लापरवाही का जुर्माना कारोबारियों को भरना पड़ रहा है। निगम ने सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन नहीं करने की वजह से केवल शहर के दुकानदारों से ही 4 लाख से ज्यादा का जुर्माना वसूल किया है।
"बाजार सामान्य हो रहा है, कारोबारियों को दिवाली से काफी उम्मीद है। व्यापारी वर्ग ने हमेशा ही पुलिस-प्रशासन का पूरा सहयोग किया है। ऐसे में प्रशासन को ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए जिससे इस सीजन में कारोबारियों की दिक्कतें दूर हों।"
- जितेंद्र बरलोटा, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ चैंबर
"रियल एस्टेट सुधरने की उम्मीद है, इसलिए अप्वाइंटमेंट को नवंबर तक के लिए खोल देना चाहिए। इससे लोगों के साथ बिल्डरों को भी राहत मिलेगी। कोरोना संकट के दौरान लोगों ने अपने घर की जरूरत सबसे ज्यादा महसूस की है।"
- रवि फतनानी, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ क्रेडाई
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3nIhTDN
via
Comments
Post a Comment