महारानी हास्पिटल में बुधवार की देर रात एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत इलाज के दौरान हो गई। बुजुर्ग की मौत के बाद जब उनका कोरोना एंटीजेन टेस्ट करवाया गया तो वह पॉजिटिव थी। इस बीच एक बड़ी लापरवाही हाॅस्पिटल के स्टाफ, पुलिस व अन्य लोगों से हो गई। दरअसल जिस महिला की मौत के बाद रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव निकली थी उसका शव परिजन अपने साथ ले गये और खुद ही उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। गुरुवार को जब मामला खुला तो अफसर एक-दूसरे पर दोष मढ़ने लगे हैं।
दलपत सागर इलाके में रहने वाली 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला को महारानी हाॅस्पिटल लाया गया था। उन्हें सांस लेने में दिक्कत के साथ कई अन्य तकलीफ थी। यहां इलाज की शुरुआत की और इस दौरान महिला की मौत हो गई। चूंकि जब महिला को यहां लाया गया था तब उनमें कोरोना के लक्षण दिख रहे थे। ऐसे में मौत के बाद उनका एंटीजेन किट से जांच की गई तो वह पॉजिटिव निकलीं। हाॅस्पिटल स्टाफ का कहना है कि महिला के पॉजिटिव आते ही 1099 को बुलाकर इसकी सूचना पुलिस को दी गई और शव को मेडिकल कॉलेज भिजवाने कहा।
डॉक्टरों का कहना है कि मरीज के परिजनों को भी बता दिया गया था कि महिला कोरोना पॉजिटिव है और शव को वे घर नहीं ले जा सकते, लेकिन बताया जा रहा है कि परिजन शव को मेडिकल कॉलेज न ले जाते हुए सीधे घर ले गये और सुबह अंतिम संस्कार भी कर दिया। इसके अलावा ये भी बताया जा रहा है कि महिला के परिजनों ने यहां रात में जमकर हंगामा किया है हालांकि हाॅस्पिटल प्रबंधन की ओर से ऐसी कोई शिकायत पुलिस में दर्ज नहीं करवाई गई है।
हमने पुलिस को बता दिया था
"महिला के पॉजिटिव आने के बाद हमने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी थी और परिजन को भी बता दिया था कि शव को मेडिकल कॉलेज ले जाना है। इसके बाद शव कहां गया इसकी जानकारी हमें नहीं है।"
-डॉ विवेक जोशी, सिविल सर्जन महारानी हाॅस्पिटल
पुलिस को कोई शव नहीं मिला
"हमें किसी शव का हैंडओवर हास्पिटल की ओर से नहीं मिला है। पॉजिटिव मरीज के शव को सुरक्षित मेकाॅज तक ले जाने की जिम्मेदारी भी पुलिस की नहीं है। फिर भी मामला क्या है जानकारी ली जा रही है।"
-हेमसागर सिदार, सीएसपी
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ENeDp2
via
Comments
Post a Comment