आधी रात को मरीज कर रहे फोन; काढ़ा पीता हूं, लेकिन ठीक क्यों नहीं लगता जैसे सवाल पूछ रहे, लेट फोन उठाने पर दे रहे धमकी
सरकारी व निजी अस्पताल के डॉक्टरों का मोबाइल नंबर सार्वजनिक करने के बाद उनके सामने कई तरह की परेशानी खड़ी हो गई है। जो पॉजिटिव हैं और होम आइसोलेशन में हैं, उनके फोन तो आ ही रहे हैं, कई ऐसे भी हैं जिन्होंने लक्षण के बावजूद जांच नहीं करवाई और डाक्टर की राय ले रहे हैं। अधिकांश लोग पूछ रहे हैं कि लगातार काढ़ा पी रहे हैं, फिर भी अच्छा क्यों नहीं लग रहा है। परेशानी की गिरफ्त में आए कई मरीज तो डाक्टरों को धमका भी रहे हैं कि इलाज से मना करोगे तो शिकायत कर दी जाएगी।
भास्कर को ऐसे डॉक्टरों ने अपने अनुभव साझा किए, जिनके मोबाइल नंबर हाल ही में होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों की मानीटरिंग के लिए सार्वजनिक किया गया है। एक डाक्टर ने बताया कि देवेंद्रनगर के एक मरीज ने रात 2 बजे फोन किया, तब वे सो रहे थे। डॉक्टर ने इमरजेंसी जानकर फोन रिसीव किया तो मरीज ने कहा कि सांस लेने में दिक्कत है, क्या करूं? डॉक्टर ने कहा कि ऐसे में अस्पताल में भर्ती होना पड़ेगा, तो मरीज भड़क गया और कहने लगा कि अस्पताल ही जाना है तो आप किसलिए हैं। कुछ देर में वह शांत हुआ कि अस्पताल आने तैयार है, लेकिन बेड दिलवाना होगा। डॉक्टर ने कहा कि आधी रात हो चुकी है इसलिए वे ज्यादा बात नहीं कर सकते, तब मरीज ने कहा कि कलेक्टर से शिकायत कर देंगे।
खाना जरूरी या इलाज करना : एक महिला डॉक्टर ने बताया कि मोबाइल नंबर छपने के बाद से अच्छे अनुभव नहीं हैं। उन्होंने बताया कि रात 10 बजे के आसपास वह घर में खाना खा रही थी। अनजान नंबर देखकर फोन रिसीव नहीं किया। बार-बार फोन आने पर रिसीव किया तो सामने कोई युवक था। पहले तो वह भड़कने लगा कि आखिर चौथी बार क्यों फोन उठाया? डॉक्टर ने कहा कि वे खाना खा रही थीं इसलिए ऐसा हुआ। युवक इस पर भड़क गया और कहने लगा कि कोरोना काल में खाना जरूरी है या इलाज करना। इसके बाद डॉक्टर ने फोन डिसकनेक्ट किया।
डॉक्टर से कहा, इलाज नहीं करना तो नंबर क्यों छपवाए
शहर के एक अन्य डॉक्टर को भी रात 12 बजे के आसपास एक महिला का फोन आया। महिला कहने लगी कि उन्हें बुखार व कफ है। दवा लेने के बाद भी ठीक नहीं हो रही हैं। इस पर डॉक्टर ने पूछा कि कोरोना जांच हुई है क्या? महिला ने कहा- नहीं। इस पर डॉक्टर ने स्वाब का सैंपल देने की समझाईश दी। इस पर महिला तुनकते हुए कहने लगी- जब आपको इलाज नहीं करना है तो मोबाइल नंबर क्यों छपवाया? ऐसा कहते हुए उन्होंने मोबाइल कट कर दिया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3jOSV2I
via
Comments
Post a Comment