जीएसटी क्षतिपूर्ति, केंद्रीय बल, पीएम केयर पर की प्रियंका से बात, प्रदेश प्रभारी पुनिया से भी हुई मुलाकात
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरुवार को एक दिवसीय दिल्ली दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी से मुलाकात कर कांग्रेस सांसदों से आगामी सत्र के दौरान जीएसटी क्षतिपूर्ति, केंद्रीय बल, पीएम केयर फंड की राशि पर राज्यों को देने के मामले उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कोरोना से लड़ाई में केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को मदद नहीं करने की बात भी कहीं। वहीं सीएम ने प्रदेश में काेराेना संक्रमण तथा राजनीतिक हालातों की जानकारी दी। उन्होंने प्रियंका को राज्य में काेरोना से निपटने के उपायों तथा गांव, गरीब, किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी भी दी।
कोरोना संक्रमण के बीच सीएम भूपेश लगभग चार महीने बाद दिल्ली दौरे पर गए थे। सुबह उनके दिल्ली रवाना हाेने के बाद से ही ये कयास लगाए जा रहे थे कि उनकी कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी से मुलाकात होगी। लेकिन सोनिया के स्वास्थ्यगत कारणों के कारण प्रियंका गांधी से उनकी मुलाकात की। इस दौरान सीएम ने प्रदेश से जुड़े कई मुद्दों की उन्हें जानकारी दी। इससे पहले सीएम भूपेश की प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया से मुलाकात हुई। दोनों नेताओं के बीच निगम-मंडल में नियुक्ति तथा संगठन में विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई। ऐसी खबर है कि पुनिया ने सीएम भूपेश को एआईसीसी द्वारा देश भर के लिए पार्टी द्वारा बनाई जा रही रणनीति की जानकारी दी।
पुनिया से निगम-मंडल और मरवाही पर चर्चा
बताया गया है कि पुनिया के साथ हुई बैठक में सीएम भूपेश की निगम-मंडल और आयोगों के शेष बचे पदों को लेकर भी चर्चा हुई। वहीं अक्टूबर के अंत में हाेने वाले मरवाही उपचुनाव की तैयारियों तथा प्रत्याशी चयन को लेकर भी बातचीत हुई।
मरवाही में गिरीश देवांगन बूथ प्रबंधन में उतरे
इधर मरवाही उपचुनाव की तैयारियों का जायजा लेने पीसीसी उपाध्यक्ष और खनिज विकास निगम के चेयरमैन गिरीश देवांगन गुरुवार को मरवाही पहुंचे। वहां उन्होंने गौरेला ब्लॉक कांग्रेस की बैठक में ब्लाक के सभी प्रमुख पदाधिकारियों से मुलाकात कर चुनाव के लिए चल रही तैयारियों के बारे में बात की। देवांगन ने कहा कि मरवाही में हर हाल में कांग्रेस को जिताना इसलिए राज्य सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाएं साथ ही सरकार द्वारा दी गई नए जिले की सौगात के बारे में भी लोगों को बताएं।
अमर ने भी संभाला मोर्चा, 9 को कार्यकर्ताओं के साथ बनाएंगे रणनीति
दूसरी तरफ, भाजपा ने भी मरवाही उप चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने सामूहिक जिम्मेदारी के साथ चुनाव में उतरने की रणनीति तैयार की है। पार्टी ने पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल को मरवाही उप चुनाव का प्रभारी बनाया है। बताया जा रहा है कि वे 9 सितंबर को मरवाही के कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे। माना जा रहा है कि इसके बाद कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाएगी। इससे पहले 2 सितंबर को भी अग्रवाल ने गौरेला का दौरा किया था । पार्टी फिलहाल यहां योग्य उम्मीदवार की तलाश में जुटी है। अग्रवाल से पहले प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय और नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक और सांसद अरूण साव गौरेला-पेंड्रा- मरवाही का दौरा कर चुके हैं। हालांकि, माना जा रहा है कि भाजपा के लिए मरवाही सीट बहुत चुनौतीपूर्ण है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/32X2hm1
via
Comments
Post a Comment