प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण के साथ ही भाजपा कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। भाजपा नेता जहां कांग्रेस सरकार पर कोरोना संक्रमण से निपटने में फेल होने के आरोप लगा रहे हैं वहीं कांग्रेस नेता पूर्व सीएम रमन के कुशासन को इसके लिए दोषी ठहरा रहे हैं वहीं भाजपा नेताओं से पीएम मोदी से पीएम केयर फंड की राशि कोरोना पर खर्च करने की मांग करने का सुझाव भी दे रहे हैं। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व रायपुर सांसद सुनील सोनी ने कहा है कि राज्य सरकार को कोरोना के संबंध में जितनी तैयारी करनी थी, नहीं कर सकी। कांग्रेस सरकार पूरी तरह असफल साबित हुई है। कोरोना महामारी का रूप ले रही है। बेहतर इलाज सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए थी, लेकिन चिंता की बात है कि सरकार के पास न पर्याप्त वेंटिलेटर हैं और न ही आईसीयू वार्ड। ऐसी दशा में प्रदेश के लोगों के साथ आगे क्या होगा? गंभीर मरीजों को एम्स और मेकाहारा में और बाकी मरीजों के लिए अन्य स्थानों पर व्यवस्था की जाए और यह व्यवस्था सार्वजनिक करें, जिससे पीड़ित परिवार को न्याय मिले और इधर-उधर न भटककर आवश्यकता के अनुसार बेहतर इलाज मुहैया हो सके।
पूर्व सीएम स्वास्थ्य सुविधाओं पर ध्यान देते तो आज ऐसा नहीं होता: शुक्ला
कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पूर्ववर्ती रमन सरकार ने स्वास्थ्य सुविधाओं पर थोड़ा भी ध्यान दिया होता, कोरोना काल मे राज्य की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुधारने में इतनी मशक्कत नहीं करनी पड़ती। शुक्ला ने कहा कि महामारी के समय पूर्ववर्ती रमन सरकार के कुशासन अदूरर्दशिता और स्वास्थ्य सुविधाओं के दिशा में पन्द्रह साल तक ध्यान नहीं देने के कारण ही ज्यादा परेशानियां खड़ी हो रही हैं। रमन सिंह ने अपने पंद्रह साल में जिला अस्पतालों उपस्वास्थ्य केंद्रों तक चिकित्सकों और पैरा मेडिकल स्टाॅफ की भर्तियां नहीं की, डॉक्टरों के 75% पद खाली थे और मेडिकल कालेजों तक मे विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्तियां नहीं कर पाये थे।
बयानवीर भाजपाई सांसदों ने कुछ देना तो दूर चिट्ठी भी नहीं लिखी: त्रिवेदी
कांग्रेस संचार प्रमुख शैलेश नितिन त्रिवेदी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय के बयान पर ने कहा कि कोरोना संक्रमण के पीक पर होने के बाद भी सिर्फ बयानबाजी और भाषणबाजी करने वाले भाजपा नेता पीएम मोदी से पीएम केयर फंड में जमा हजारों करोड़ रुपए को कोरोना में खर्च करने की मांग करें। मोदी ने यह पैसा कोरोना पीड़ितों की सहायता के लिए ही इकट्ठा किया है। प्रदेश के कोरोना संक्रमित मरीजों की मदद के लिए भाजपा के सांसदों ने कुछ देना तो दूर एक चिट्ठी तक लिखना मुनासिब नहीं समझा। साय द्वारा सीएम बघेल को लिखा गया पत्र भाजपा के दोहरे चरित्र को बताता है। साय जनता की आंखों में धूल झोंकने के लिए इस तरह का लिख रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3hj2Mfk
via
Comments
Post a Comment