प्लेटफॉर्म में चढ़ने-उतरने के लिए एफओबी से जोड़ेंगे रैंप, 9 कराेड़ रुपए की लागत से सभी प्लेटफार्म को जोड़ेंगे नए एफओबी से
राजधानी समेत राज्यभर के लोगों को अब कुछ महीने बाद ही रायपुर स्टेशन में बड़ी सुविधा मिलेगी। स्टेशन में पहली बार आधुनिक फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का निर्माण तेजी से शुरू हो गया है। इस एफओबी की खासियत है कि इसमें रैंप और एस्केलेटेर के माध्यम से यात्रियों को चढ़ने-उतरने की सुविधा मिलेेगी। करीब 9 करोड़ रुपए की लागत से सभी प्लेटफार्मों को नए एफओबी से जोड़ा जाएगा।
बता दें कि देश के अधिकांश बड़े स्टेशनों में फुट ओवरब्रिज और रैंप बने हुए हैं, लेकिन राजधानी के स्टेशन में यह अब तक नहीं है। सालों बाद अब प्रशासन ने स्टेशन में नया एफओबी मंजूर किया है। हर प्लेटफार्म पर एस्केलेटर लगाने के लिए अलग से ढाई करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। रेलवे अफसरों की मानें तो छह महीने में नए एफओबी और रैंप बनकर तैयार हो जाएगा।
बिलासपुर और दुर्ग स्टेशनों में वर्षों पहले से रैंप की सुविधा है। लेकिन राजधानी व मंडल का स्टेशन होने के बावजूद रायपुर में रैंप नहीं था। रेल अफसरों का तर्क है कि स्टेशन के हर प्लेटफार्म की चौड़ाई कम है, इसलिए रैंप बनाने को लेकर सालों-साल केवल विचार चलता रहा और प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ सका। अब यात्री बढ़ रहे हैं, लगेज लाने-ले जाने में उन्हें दिक्कत हो रही है, इसलिए रेल प्रशासन ने इसकी जरूरत महसूस करते हुए प्रोजेक्ट को फाइनल किया और पिलर बनाने का काम तेजी से चल रहा है।
इसलिए जरूरी है रैंप : रायपुर स्टेशन में लिफ्ट लगाने के लिए एफओबी के एक तरफ की सीढ़ियों को तोड़ दिया गया। इससे यात्रियों का पूरा दबाव दूसरी सीढ़ी पर है। प्लेटफॉर्म नंबर 2-3 और 5-6 में एक साथ दो ट्रेनों के आने के बाद एफओबी की सीढ़ियों पर ठसाठस भीड़ रहती है। लिफ्ट का उपयोग बुजुर्ग व निशक्त यात्री ही कर सकते हैं।
ऐसे में, सीढ़ियां पार करने में कई बार 15-15 मिनट लग जाते हैं। इसीलिए अब स्टेशन में नया एफओबी बनाकर इसे रैंप व एस्केलेटर से जोड़ने की तैयारी है।
दुर्ग छोर पर बनेंगे रैंप : नया एफओबी फूड प्लाजा से बाजू में बने गार्डन की जगह से शुरू होगा और प्लेटफॉर्म नंबर-7 तक को जोड़ेेगा। एफओबी के तय ड्राइंग डिजाइन के मुताबिक एफओबी के सारे रैंप दुर्ग की ओर रहेंगे तथा बिलासपुर की ओर एस्केलेटर लगेंगे। एफओबी और रैंप से स्टेशन के फुटओवरब्रिज और सीढ़ियों पर व्यस्त समय में होने वाली भीड़ से निजात मिलेगी। सभी प्लेटफार्मों को जोड़ने के लिए तीन एस्केलेटर लगाने का प्लान है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3j5ymiA
via
Comments
Post a Comment