नगरनार इस्पात संयंत्र के निजीकरण को लेकर मजदूर संगठनों द्वारा लगातार विरोध किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को ऑल इंडिया एनएमडीसी वर्कर्स फेडरेशन के किरंदुल-बचेली शाखा के एटक और इंटक प्रतिनिधि राजेश संधु, एके सिंह, जी. वेंकट, टीजे शंकर राव, बलवंत कौशल, देवनारायण, आशीष यादव सहित अन्य नगरनार इस्पात संयंत्र पहुंचे।
यहां उन्होंने संयंत्र के डीमर्जर किए जाने के विरोध में अपनी बात मजदूर संगठनों के सामने रखी। इसके साथ ही उन्होंने विरोध की अगली रणनीति पर नगरनार के संगठन पदाधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान 7 अगस्त को एनएमडीसी की सभी यूनिट में विरोध प्रदर्शन करने और 9 अगस्त को सरकार को इसकी सूचना देते हुए अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने की रणनीति तैयार की। इससे पहले किरंदुल-बचेली से पहुंचे कर्मचारी नेताओं ने केंद्र सरकार के इस फैसले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए एनएमडीसी प्रबंधन के रवैये पर आपत्ति जताते कहा कि सरकारी उपक्रम के नाम पर जमीनों का अधिग्रहण करने के बाद इस संयंत्र को निजी कंपनियों को बेचना पूरी तरह से गलत है। इस दौरान नगरनार इस्पात संयंत्र के मजदूर संगठनों के पदाधिकारी संतराम सेठिया, महेंद्र जॉन, जितेंद्र नाथ, महेश्वर नाग, रमेश कश्यप, दिगंबर सेठिया, कमलसाय सहित अन्य मौजूद थे।
नगरनार स्टील प्लांट के निजीकरण के साथ ही बोधघाट परियोजना का भी सर्व आदिवासी समाज ने किया विरोध
नगरनार इस्पात संयंत्र के निजीकरण के विरोध में अब सर्व आदिवासी समाज ने भी आवाज बुलंद की है। सोमवार को बस्तर संभाग सर्व आदिवासी समाज की बैठक आदिवासी विश्राम भवन में हुई। बैठक की अध्यक्षता समाज के अध्यक्ष प्रकाश ठाकुर ने की। इसमें नगरनार प्लांट के निजीकरण के साथ ही बोधघाट परियोजना का विरोध करने का फैसला भी लिया गया। बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि अगले 10 दिन में राज्य और केंद्र सरकार को ज्ञापन सौंपकर 10 दिन का अल्टीमेटम दिया जाएगा, जिसमें केंद्र सरकार को निजीकरण के फैसले को वापस लेने की मांग की जाएगी। इस पर अगर फैसला वापस नहीं लिया जाता है तो सरकार के खिलाफ व्यापक आंदोलन किया जाएगा। बोधघाट परियोजना के मामले में जनप्रतिनिधियों से चर्चा बाद इस पर विरोध करने का निर्णय लिया जाएगा। इस दौरान गंगाराम नाग, गोवर्धन कश्यप, संतू मौर्य, शारदा कश्यप, मायाराम नाग, मंगलराम बघेल, सोमारू कर्मा, रामसिंह नाग, प्रमोद पोटाई, नारायण मरकाम, अमित कुरेटी, रैनू बघेल, अनिल मंडावी आदि मौजूद थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/31OBJUH
via
Comments
Post a Comment