Skip to main content

राशन दुकान संचालकों ने 6 माह से लंबित कमीशन मांगा

शासकीय उचित मूल्य दुकान विक्रेता संघ चारामा ने बीते 6 माह से लंबित कमीशन राशि का भुगतान करने की मांग की है। विक्रेता संघ के पदाधिकारियों ने कहा प्रदेश के 12350 राशन दुकानदार राशन वितरण का कार्य कोरोना के चलते तत्परता के साथ किए हैं। खाद्य विभाग को सभी उचित मूल्य दुकानदारों का कमीशन तत्काल देना चाहिए।
राशन विक्रेताओं को पिछले 6 माह से कमीशन की राशि नहीं मिली है। अप्रैल से सितंबर तक का कमीशन तत्काल उचित मूल्य दुकानदारों को देना चाहिए। कोरोना संक्रमण काल में छत्तीसगढ़ राशन दुकानदारों ने कोरोना योद्धा के रूप में काम किया है। इसके बाद भी सरकार के राशन दुकानदारों के प्रति उदासीन रवैया से दुकानदार चिंतित नजर आ रहे हैं। प्रदेश में संचालित राशन दुकानदारों का संचालन ग्राम पंचायत, शासकीय संस्थानों तथा महिला समूह द्वारा किया जाता है। इन सभी दुकानदारों को निशुल्क चावल वितरण कराए गए, लेकिन दुकानदारों को कमीशन अभी तक शासन द्वारा भुगतान नहीं किया गया है। इसके कारण इन राशन दुकान संचालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संघ लंबित कमीशन के साथ अतिरिक्त कमीशन जो जारी हुआ है उसे तत्काल भुगतान करने की मांग करता है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/34cpAZV
via

Comments