Skip to main content

500 में यूरिया बेचने के लिए लाए ट्रक को पकड़ा और 266 में बांटा

जिले में यूरिया की भारी किल्लत है जिसके चलते व्यापारी कालाबाजारी करते 266 रुपए वाली यूरिया किसानों को दोगुने दाम 500 रुपए तक बेच रहे हैं।
भास्कर ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जिसके बाद प्रशासन ने दुकानों में छापामार कार्रवाई करते यूरिया बरामद की। चार दिनों पहले पखांजूर में प्रशासन ने 600 बोरी यूरिया से लदे एक ट्रक को भारी मशक्कत कर पकड़ा था।

कलेक्टर के दौरे से ट्रक को शहर के बाहर खड़ा किया था
इसी यूरिया को प्रशासन ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किसानों को निर्धारित दर 266 रुपए में दिलवाई। चार दिनों पहले गुरूवार 3 सितंबर को पखांजूर कृषि विभाग को सूचना मिली थी की पखांजूर के मथुरा बाजार स्थित लक्ष्मी कृषि सेवा केंद्र के सामने रात में किसानों की भीड़ लगी है। यहां यूरिया लाई गई है जिसे किसानों को दोगुने दाम में बेचा जा रहा है। मौके पर कृषि विभाग तथा प्रशासन की टीम पहुंची लेकिन दुकान तथा उसके गोदाम में खाद नहीं मिली। इसके बाद सूचना मिली की दिन में पखांजूर क्षेत्र में कलेक्टर का दौरा होने के चलते ट्रक को शहर के बाहर खड़ा कराया गया है तथा रात में यूरिया गोदाम में उतार किसानों को ब्लैक में बेची जाएगी। व्यापारी ने ट्रक जहां खड़ा होना बताया प्रशासन की टीम व्यापारी को साथ में लेकर वहां पहुंची। इसी बीच ट्रक चालक को भनक लग गई थी जिसके चलते वह ट्रक लेकर जंगल की ओर भाग गया था। रात में ही प्रशासन की टीम ने कड़ाई की जिसके बाद जंगल में जहां ट्रक खड़ी थी वहां पहुंच ट्रक को जब्त किया था। ट्रक में खाद से संबंधित दस्तावेज भी नहीं थे। इसके बाद से ट्रक पखांजूर में ही खड़ा था। ट्रक में पड़े पड़े खाद खराब हो जाती तथा किसानों को इस वक्त यूरिया की बहुत ज्यादा जरूरत है। समस्या को देखते अफसरों ने संवेदनशीलता का परिचय देते किसानों के हित में निर्णय लिया तथा जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में निर्धारित दर 266 रुपए प्रति बोरी में किसानों को यूरिया प्रदान की।

प्रति दो एकड़ में दिया गया एक बोरी यूरिया
सोमवार को प्रशासन की ओर से राजस्व निरीक्षक शुभांकर मालाकार, पटवारी योगेश रामटेके के अलावा कृषि विभाग के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी रथिन बैनर्जी, मानिक साहा की उपस्थित में किसानों को यूरिया प्रदान किया गया। खाद के लिए सभी किसानों को अपना आधार कार्ड के साथ ऋण पुस्तिका लाने कहा गया था। प्रशासन ने प्रति दो एकड़ पर एक बोरा यूरिया के अनुपात से किसानों को खाद प्रदान की। प्रशासन के इस पहल से इस सीजन में पहली बार किसानों को निर्धारित सही दाम में यूरिया मिली।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Grabbed a truck to sell urea for 500 and distributed it to 266


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/32aVm9F
via

Comments