Skip to main content

तेलीबांधा चौक से वीआईपी टर्निंग तक 4 किमी फ्लाईओवर के सर्वे का टेंडर

अमनेश दुबे | मौजूदा शहर और नई राजधानी को जोड़नेवाले सबसे महत्वपूर्ण हिस्से यानी वीआईपी टर्निंग से तेलीबांधा तालाब चौक तक अब शासन ने 4 किमी लंबा फ्लाईओवर बनाने की तैयारी कर ली है। दरअसल इस पैच में रोजाना सुबह-शाम बड़ा जाम लग रहा है, इसलिए यह प्रोजेक्ट बना है और प्लानिंग लेवल से ऊपर उठते हुए पीडब्ल्यूडी ने इसके सर्वे के लिए सोमवार शाम टेंडर भी जारी कर दिया है। टेंडर कंसल्टेंट कंपनी की नियुक्ति के लिए है, जो इस फ्लाईओवर के निर्माण का पूरा खाका तैयार करेगी। सर्वे अगले 30 दिन के भीतर शुरू कर दिया जाएगा।
शासन के सूत्रों ने बताया कि इस फ्लाईओवर के रास्ते में आने वाले गौरव पथ से वीआईपी टर्निंग तक के ट्रैफिक की फिजीबिलिटी देखी जा रही है, ताकि फ्लाईओवर पर होने वाले खर्च और जरूरत का आंकलन कर सरकार की सहमति ली जा सके। सलाहकार कंपनी इस पूरे इलाके के ट्रैफिक वाल्यूम का कम से कम एक माह तक सर्वे करेगी। इसके बाद रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसमें दो माह लगेंगे। रिपोर्ट वगैरह आने के बाद जनवरी के शुरू से फ्लाईओवर निर्माण की हलचल शुरू हो जाएगा।

फ्लाईओवर बनेगा दो पार्ट में
प्रस्तावित फ्लाईओवर को दो हिस्से में बनेगा, क्योंकि यह एक्सप्रेस-वे के फ्लाईओवर को अवंति विहार चौक के पास क्रास करेगा। अफसरों का कहना है कि गौरव पथ से एक पुल शुरू कर एक्सप्रेस-वे वाले ब्रिज से पहले उतारा जाएगा। फिर तेलीबांधा थाना चौक से दूसरा फ्लाईओवर वीआईपी टर्निंग के आगे माॅल के सामने उतरेगा। इसके अलावा क्या विकल्प हो सकता है, कंसल्टेंट कंपनी के जिम्मे यह काम भी होगा। यह भी संभव है कि गौरव पथ से शुरू होने वाले पुल को शहीद भगत सिंह चौक (शंकरनगर चौक) से शुरू किया जाए।

400 करोड़ का प्रोजेक्ट
फ्लाईओवर के निर्माण पर होने वाले अनुमानित खर्च का पीडब्ल्यूडी ने आंकलन किया है और इसमें लगभग 400 करोड़ रुपए की लागत का अनुमान है। प्रोजेक्ट में कुछ नए फीचर्स जोड़ने पर लागत बढ़ सकती है। हालांकि राज्य शासन कम से कम बजट में बेहतर सुविधा देने के एजेंडे पर काम कर रहा है। पीडब्ल्यूडी के ब्रिज डिवीजन ने इसी को ध्यान में रखकर फ्लाईओवर का प्रस्ताव तैयार किया है।

सारे जंक्शन जोड़े जाएंगे
नए फ्लाईओवर के रास्ते में आने वाले चौक-चौराहों को भी जंक्शन के तौर पर विकसित किया जाएगा। मरीन ड्राइव व तेलीबांधा तालाब के पास गौरव पथ को केनाल रोड क्रॉस करती है। यहां पहला जंक्शन बन सकता है। इसी तरह रिंग रोड, गौरव पथ और राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने वाले तेलीबांधे चौराहे पर भी ट्रैफिक मैनेजमेंट जरूरी है। यहां इंटरचेंज फ्लाईओवर का प्रस्ताव भी बाद में आ सकता है।

उपयोगिता पर लेंगे सहमति : इस प्रोजेक्ट में एक महत्वपूर्ण तथ्य आम सहमति का है। सर्वे रिपोर्ट आने के बाद विभाग एक बार प्रस्तावित फ्लाईओवर की जरूरत के लिए विशेषज्ञों से सलाह लेगा। आम सहमति बनने के बाद ही इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाया जाएगा। शासन का साफ तौर पर कहना है कि पिछली सरकार की तरह स्काईवाॅक जैसे प्रोजेक्ट नहीं करेंगे, बाद में जिनकी उपयोगिता पर ही सवाल खड़े हो जाएं।

सर्वे और डीपीआर का काम जल्द
"गौरव पथ से वीआईपी तिराहे तक फ्लाईओवर का प्रस्ताव तैयार है। सर्वे और डीपीआर का काम जल्द शुरू होगा। कंसल्टेंट के लिए टेंडर जारी कर चुके हैं।"
-विजय भतपहरी, ईएनसी-पीडब्ल्यूडी



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
मरीन ड्राइव चौक से वीआईपी तिराहा तक बनेगा फ्लाइओवर। ड्रोन फोटो : भूपेश केशरवानी


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/32eHHys
via

Comments