बस्तर संभाग में मंगलवार को 216 नए मरीज मिले हैं। मंगलवार को सुकमा में 19, दंतेवाड़ा में 45, कांकेर 43, बस्तर जिले में 40, नारायणपुर में 40 और कोंडागांव में 29 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। कोरोना से मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है मंगलवार को भी जगदलपुर शहर की दो महिलाओं की कोरोना से मौत हो गई है। दोनों मामले में महिलाओं की मौत के बाद उनके कोरोना पॉजिटिव होने का पता चला। इसके अलावा सुकमा जिले में जिला बल में तैनात एक जवान की मौत भी कोरोना से हो गई है। जिले में 22 मौतें हो चुकी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को जगदलपुर शहर के इंदिरा गांधी वार्ड में रहने वाली एक 42 वर्षीय महिला की तबीयत अचानक खराब हुई, परिजन उन्हें हॉस्पिटल ले जा पाते, इससे पहले ही उनकी मौत हो गई। हॉस्पिटल जाने के बाद महिला को डाॅक्टरों ने मृत घोषित किया और उसका एंटीजेन टेस्ट किया गया तो वह पॉजिटिव निकली। दूसरे मामले में भी कुछ ऐसा ही हुआ।
शांति नगर इलाके में रहने वाली 55 वर्षीय महिला की अचानक तबीयत बिगड़ी, महिला को परिजन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे तो डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद महिला का एंटीजेन टेस्ट किया गया तो वह पॉजिटिव निकली। दोनों महिलाओं के शवों को सुरक्षित मरच्युरी में रखवा लिया गया है और अब शवों परिजन को सौंपा जाएगा।
92 घंटे में 10 ऐसी मौत जिनमें बाद में पता चला कि पॉजिटिव
इधर बस्तर जिले में 92 घंटे में कोरोना से 10 मौतें ऐसी हुई हैं जिनमें मरने वाले लोगों या उनके परिजन को पता नहीं था कि वे कोरोना पॉजिटिव हैं। इन 10 मृतकों में से 6 मृतक तो ऐसे हैं जिनकी मौत हॉस्पिटल पहुंचने से पहले हो गई। मौत के बाद उम्र, लक्षण व अन्य जानकारी लेने के बाद इनका टेस्ट करवाया और सभी पॉजिटिव निकले।
कोर कमेटी की बैठक में कलेक्टर बोले- कोरोना के इलाज के लिए रिटायर्ड और निजी डाॅक्टरों की मदद लें
कोरोना के इलाज के लिए अब रिटायर्ड डाॅक्टरों की मदद भी ली जाएगी। इसके अलावा निजी प्रैक्टिस करने वाले डाॅक्टर भी कोरोना का इलाज कर सकेंगे। कलेक्टर रजत बंसल ने मंगलवार को जिले में कोरोना वायरस के संक्रमण के तेज गति से विस्तार को देखते हुए जिले में इसके नियंत्रण तथा इसके कारण उत्पन्न किसी भी स्थिति से निपटने के लिए व्यापक योजना बनाने के निर्देश अफसरों को कोर कमेटी की बैठक में दिए हैं। इसके अलावा अनुभाग स्तर पर अनिवार्य रूप से कोविड केयर सेंटर बनाने के निर्देश भी कलेक्टर ने जारी किये। उन्होंने शासकीय मेडिकल काॅलेज अस्पताल एवं महारानी अस्पताल में कोरोना संक्रमित मरीजों की मृत्यु हो जाने पर उनके शव को सुरक्षित रखने के लिए शीघ्र फ्रिजर खरीदने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए हैं। बंसल ने कोरोना पाॅजिटिव मरीजों के इलाज के लिए रिटायर्ड डाॅक्टरों एवं प्राइवेट प्रेक्टिशनरों की सेवाएं लेने के भी निर्देश अफसरों को दिये।
7 दिन पहले छुट्टी पर घर आया था जवान, मौत
इधर सुकमा जिले के चिंतागुफा इलाके में तैनात जिला पुलिस बल के जवान की भी मंगलवार को कोरोना से गंभीर अवस्था में मौत हो गई है। अफसरों के अनुसार जवान की तबीयत कुछ दिनों से खराब थी। वह 7 दिन पहले ही छुट्टी पर सुकमा पुलिस लाइन स्थित अपने घर आ गया था। इसके बाद मंगलवार को जवान की अचानक तबीयत खराब हुई तो उसे सुकमा जिला हॉस्पिटल ले जाया गया। यहां उसकी पल्स और ऑक्सीजन लेवल लगातार डाउन हाे रहा था ऐसे में जवान को जगदलपुर के लिए रेफर किया गया लेकिन जवान ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/35DYqgP
via
Comments
Post a Comment