राजधानी में कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर में शुक्रवार को कोरोना के 933 नए केस और प्रदेश में 2667 मामले मिले हैं। राज्यपाल अनुसुईया उइके 15 सितंबर तक क्वारेंटाइन हो गई हैं। सरायपाली विधायक किशनलाल नंद भी पॉजिटिव पाए गए हैं। नए मरीजों को मिलाकर प्रदेश में पॉजिटिव केस की संख्या 40634 हो गई है। एक्टिव केस 20689 है, जबकि 19608 लोग डिस्चार्ज हो चुके हैं। प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना से 22 लोगों की जान गई है जिसमें 13 रायपुर के हैं। मरने वालों में कसडोल के नायब तहसीलदार और बिलाईगढ़ नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष भी शामिल हैं। प्रदेश व रायपुर में पहली बार 24 घंटे में इतने मरीजों की जान गई है। बिलासपुर व सूरजपुर के 2-2, रायगढ़, दुर्ग में एक-एक की मृत्यु हुई है। अब तक प्रदेश में 335 व रायपुर में 177 मरीजों की मृत्यु हो चुकी है। शुक्रवार को 658 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। प्रदेश में अब तक 6.35 लाख सैंपलों की जांच हो चुकी है।
सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल अपने छिंदवाड़ा (मध्यप्रदेश) स्थित निवास में क्वारेंटाइन है। उन्होंने कहा कि गत दिनों संपर्क में आए लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं, इसलिए वे एहतियातन क्वारेंटाइन हुई हैं। इधर, कोरोना मरीजों के शव को डिस्पोज के काम में लगे रायपुर के नायब तहसीलदार भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। पुलिस मेस से 5, देवेंद्रनगर व कबीरनगर से 20-20 से ज्यादा मरीज मिले हैं।
नए मरीजों में बिलासपुर से 268, दुर्ग से 165, कवर्धा व रायगढ़ से 82-82, बालोद से 78, जांजगीर-चांपा से 72, राजनांदगांव से 70, जशपुर से 45, धमतरी से 38, सरगुजा से 35, महासमुंद से 34, गरियाबंद व नारायणपुर से 24, बस्तर से 23, कोंडागांव से 19, बलरामपुर से 14, बेमेतरा व कोरबा से 12-12, कोरिया से 9, बीजापुर से 8, बलौदाबाजार से 3, अन्य राज्य से 4 मरीज मिले हैं। देर रात रायपुर में 68 संक्रमितों की पहचान की गई थी।
जांच का दायरा भी बढ़ाया
इधर, लगातार संक्रमण बढ़ने के कारण शासन ने जांच का लक्ष्य भी बढ़ा दिया गया है। अब रोजाना 22 हजार सैंपल कलेक्शन व जांच की जाएगी। पीएचसी में भी एंटीजन किट से काेरोना जांच की जाएगी। आरटीपीसीआर व ट्रू-नाॅट मशीन से जांच के लिए सभी जिलों में सैंपल लिया जा रहा है। रैपिड एंटीजन किट से भी सभी जिलों में संदिग्ध लोगांे की जांच की जा रही है। आरटीपीसीआर एवं ट्र-नाॅट विधि से जांच के लिए सैंपल के लिए प्रशिक्षित स्टॉफ नर्स, एएनएम, एमपीडब्ल्यू, फॉर्मासिस्ट, नेत्र सहायक, दंत सहायक की मदद ली जाएगी।
जिलों में रोज इतने टेस्ट होंगे
रायपुर जिले में 2440, गरियाबंद के लिए 500, धमतरी, महासमुंद, कबीरधाम व बालोद के लिए 630-630, दुर्ग के लिए 1510, बेमेतरा के लिए 580 सैंपल लिए जाएंगे। बलौदाबाजार 670, रायगढ़ 1280, कोरबा व जांजगीर-चांपा 970-970, जशपुर 500, बस्तर, कांकेर व कोंडागांव के लिए 605-605 सैंपल कलेक्ट होगा। दंतेवाड़ा 590, सुकमा 490, नारायणपुर 480, बीजापुर 410, सूरजपुर, बलरामपुर 530-530, कोरिया 570, सरगुजा 940, मुंगेली 600, पेंड्रा 350, बिलासपुर 1540 व राजनांदगांव में 1340 सैंपल कलेक्शन एवं जांच का लक्ष्य रखा है।
आरटीपीसीआर से 5405 टेस्ट
प्रदेश में प्रतिदिन आरटीपीसीआर जांच के लिए 5405 व ट्रू-नाॅट विधि से जांच के लिए 3520 सैंपल लिए जाएंगे। वहीं रैपिड एंटीजन किट से रोज 13 हजार से अधिक सैंपलों की जांच की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, शहरी व ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए भी जिला स्तर पर प्रतिदिन रैपिड एंटीजन किट से जांच के लिए लक्ष्य निर्धारित किया है।
कोरोना विशेषज्ञों की केन्द्रीय टीम रायपुर पहुंची, दुर्ग भी जाएगी
छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की विशेष टीम रायपुर पहुंच गई है। टीम में जनस्वास्थ्य और महामारी विशेषज्ञ शामिल हैं। टीम के सदस्य प्रदेश में कोरोना की रोकथाम, निगरानी तंत्र को मजबूत करने और इलाज के बेहतर प्रबंधन में सहयोग करेगी। यह टीम कोरोना प्रभावित चारों राज्यों में कोरोना वायरस की स्थिति की समीक्षा भी करेगी और स्थिति को काबू में करने की रणनीति भी तैयार करेगी। रायपुर में चिकित्सा तथा काेरोना की रोकथाम में जुटे विभाग के अधिकारियों से मुलाकात के बाद टीम के सदस्य बिलासपुर और दुर्ग का दौरा भी करेंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/355nqx1
via
Comments
Post a Comment