Skip to main content

बढ़ रहा संक्रमण, घट रही लोगों में समझदारी, होम आइसोलेशन के नियमों का उल्लंघन कर रहे, नदी में नहाने व मछली पकड़ने जा रहे, बामी में मिले 19 संक्रमित

कबीरधाम जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। पिछले 20 दिन में ही 1141 नए मरीज मिल चुके हैं। ज्यादातर मरीज होम आइसोलेशन को चुन रहे हैं, लेकिन यही होम आइसोलेशन अब संक्रमण फैलने की वजह बनता जा रहा है। क्योंकि मरीज घरों में रहने की जगह बाहर घूमने निकल रहे हैं। प्रशासन भी इस बात से अच्छी तरह वाकिफ है।


रविवार को भास्कर ने लोहारा ब्लॉक के ग्राम पंचायत बामी की पड़ताल की, तो चौकाने वाले दृश्य सामने आए। गांव में कोरोना के 19 एक्टिव केस हैं। मरीजों को कोविड केयर सेंटर महराजपुर में भर्ती करने की जगह सभी को दवा देकर होम आइसोलेशन में रहने की हिदायत दी गई है। लेकिन ज्यादातर मरीज घरों से बाहर घूमने निकल रहे हैं।

कोई नदी में मछली पकड़ने जा रहा है, तो नहाने। भास्कर ने इसे अपने कैमरे में कैद कर लिया । गंभीर बात तो यह है कि इतना सबकुछ होने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अफसर देखने तक नहीं आ रहे हैं ।

डॉयल 112 को कॉल कर सूचना दी, कोई जवाब नहीं मिला
मामले में ग्राम पंचायत बामी के सरपंच टोप सिंह का कहना है कि मरीज बात नहीं मान रहे हैं। सब घूम रहे हैं। डॉयल 112 को कॉल किया था, कोई जवाब नहीं मिला। उसके बाद सिंघनपुरी जंगल थाने भी फोन लगाया। वहां भी जवानों के संक्रमित होने से कोई स्टाफ नहीं है.. बोल दिया गया ।

गांव में संक्रमित मिलने पर कोरोना जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम आई थी, उसे भी महिलाओं ने भगा दिया।
बीएमओ बोले- गांव वाले शुरु से ही सपोर्ट नहीं कर रहे
लोहारा बीएमओ डॉ. संजय खरसन का कहना है कि बामी गांव में 19 मरीज मिले हैं। सभी को दवा देकर होम क्वारेंटाइन में रहने की हिदायत दी गई है। लेकिन गांव वाले शुरु से ही सपोर्ट नहीं कर रहे हैं। उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है। इसे लेकर मार्गदर्शन मांगा गया है।

करोना जांच के प्रकार व जिले में कुल मरीज
आरटीपीसीआर 12982
पॉजिटिव 758
प्रतिशत 5.83%
ट्र-नॉट 450
पॉजिटिव 83
प्रतिशत 18.44%
रैपिड एंटीजन 14308
पॉजिटिव 744
प्रतिशत 5.19%
(आंकड़े स्वास्थ्य विभाग के अनुसार)

जिले में 43 नए मरीज मिले, कवर्धा शहर में 15 संक्रमित
जिले में शनिवार को 43 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें से 15 मरीज कवर्धा शहर के हैं। बोड़ला ब्लॉक में 12, पंडरिया में 6 और सहसपुर लोहारा ब्लॉक में 12 मरीजों की पहचान की गई है। लोहारा ब्लॉक के पंडरीपानी पुलिस कैंप में 4 जवान संक्रमित पाए गए हैं। ग्राम दलसाटोला में 3 व बीजा बैरागी में 1 मरीज मिला है। वहीं महराटोला उप-स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ महिला कार्यकर्ता की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

थोक सब्जी मंडी हुआ बंद
संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए प्रशासन नित नए कदम उठा रही है । कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने रविवार को कवर्धा शहर के कंटेनमेंट जोन क्षेत्रों का भ्रमण कर जायजा लिया । कोरोना काल में लोगों की लापरवाही पर उन्होंने चिंता जताई । शहर से लगे पिकनिक स्पॉट सरोदा बांध को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए सील करने के आदेश दिए हैं।

लोगों का भी सहयोग जरूरी

भास्कर ने नवीन कृषि उपज मंडी में लगने वाली भीड़ की तरफ प्रशासन का ध्यान खींचा था। इस पर रविवार को मुनादी करा थोक सब्जी मंडी को बंद कराया गया है। कलेक्टर शर्मा ने कहा कि संक्रमण की रोकथाम के लिए व्यापारियों का सहयोग मिल रहा है। दुकानें बंद हैं, लेकिन आम लोगों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। कलेक्टर ने सहयोग की अपील की है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
कवर्धा. संक्रमण से बचाव के लिए थोक सब्जी मंडी को बंद करने के आदेश।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2FFoyxk
via

Comments