कोरोना महामारी के बीच नवरात्रि पर्व में कैसी सावधानियां रखनी होंगी, इसे लेकर प्रशासन ने नियम तय कर लिए हैं। इसकी गाइडलाइन एक-दो दिनों के भीतर जारी की जा सकती है। जानकारी के मुताबिक गणेशोत्सव की तरह नवरात्रि में भी पंडालों का साइज 15 फीट ही रहेगा। अन्य सावधानियों को लेकर सारे नियम तय हो चुके हैं, लेकिन प्रतिमाओं की ऊंचाई को लेकर अब भी असमंजस की स्थिति है।
दरअसल, प्रशासन ने गणेश प्रतिमाओं की तरह दुर्गा प्रतिमाओं के लिए भी 4 फीट की ऊंचाई ही तय की है। शुक्रवार को बंगाली समाज ने जल्द गाइडलाइन जारी करने की मांग को लेकर अफसरों से मुलाकात की। इसी दौरान यह मांग भी रखी कि कम से कम 5 फीट की प्रतिमा स्थापना करने की अनुमति दी जाए। इसी के बाद यह माना जा रहा है कि प्रशासन 5 फीट ऊंची प्रतिमाओं को स्थापना की अनुमति दे सकता है।
नई गाइडलाइन में ये शर्तें हो सकती हैं शामिल
- मास्क लगाकर नहीं आने वालों को प्रवेश नहीं मिलेगा।
- मंदिर-पंडाल में थर्मल स्क्रीनिंग, सैनिटाइजिंग के इंतजाम।
- सर्दी-खासी, बुखार जैसे लक्षण वालों को प्रवेश नहीं।
- फिजिकल डिस्टेंसिंग के लिए बांस-बल्ली से बैरिकेडिंग।
- पंडाल के सामने कोई सड़क या गली प्रभावित न हो।
- दर्शकों के बैठने के लिए अलग कुर्सियां नहीं रहेंगी।
- मंदिर-पंडाल आने वालों की जानकारी लिखनी होगी।
- एक वक्त में ज्यादा लोग इकट्ठा नहीं हाे सकेंगे।
- 9 दिवसीय पूजा में भोग-भंडारा का कोई कार्यक्रम नहीं होगा।
मूर्तिकारों को भी उम्मीद- ऊंचाई में छूट मिलेगी
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश सरकार ने शुक्रवार को आदेश जारी कर 6 फीट ऊंची प्रतिमाओं को स्थापना की अनुमति दे दी है। मूर्तिकारों को उम्मीद है कि छत्तीसगढ़ में भी साइज पर छूट दी जा सकती है क्योंकि पहले ही वे बड़ी मूर्ति बना चुके हैं।
बंगाली समाज का फैसला- सिर्फ पूजा होगी
वैश्विक महामारी के कहर को देखते हुए बंगाली समाज ने खुद ही यह निर्णय लिया है कि वे सादगी से दुर्गा पूजा का उत्सव मनाएंगे। परंपरा न टूटने पाए इसलिए सिर्फ पूजा-अनुष्ठान ही किए जाएंगे। इस बार किसी तरह का सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। समाज के पूर्व अध्यक्ष अरुण भद्रा ने बताया कि बंगालियों की दुर्गा पूजा में दुर्गा के साथ लक्ष्मी, सरस्वती, गणेश और कार्तिकेय की प्रतिमा भी स्थापित की जाती है। बड़ी मूर्तियों की जगह इस बार 5 फीट की प्रतिमाएं ही स्थापित की जाएंगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3hM7eDH
via
Comments
Post a Comment