कोरोना संक्रमण के चलते बिलासपुर जिले में मौत होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोरोना के चलते प्राइवेट और सरकारी अस्पतालों में शुक्रवार की शाम तक पांच और मरीजों ने दम तोड़ दिया। इनमें एक 21 वर्षीय युवक भी शामिल है। कोरोना से मरने वालों की संख्या 111 पर पहुंच गई है। शुक्रवार को 228 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। कोई भी कॉलोनी तथा मोहल्ला नहीं बचा है जहां कोरोना का संक्रमण ना पहुंचा हो। कोरोना के कारण जरहाभाटा निवासी 86 वर्षीय बुजुर्ग को इलाज के लिए महादेव हॉस्पिटल में भर्ती कराया था जहां शुक्रवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। शांति नगर उसलापुर देवासी 65 वर्षीय व्यक्ति का इलाज केयर एंड क्योर हॉस्पिटल में चल रहा था उनकी भी शुक्रवार को मौत हो गई। 21 वर्षीय युवक जिसका कोविड-19 ताल में इलाज चल रहा था उसकी भी शाम को मौत हो गई। वह तारबाहर में रहता था। इंदिरा कॉलोनी तारबहार में रहने वाली 70 वर्षीय महिला तथा 73 वर्षीय विनोबा नगर निवासी महिला की भी सिम्स में शुक्रवार को मौत हो गई। कोरोना से मरने वालों की संख्या जिले में अब 111 पर पहुंच गई है।
नवजात शिशु से लेकर बुजुर्ग तक चपेट में
कोरोना संक्रमण का दायरा दिनों दिन बढ़ता जा रहा है हालांकि गुरुवार की अपेक्षा शुक्रवार को मरीजों की संख्या में कमी आई। गुरुवार को जहां रिकॉर्ड 1 दिन में 374 मरीज मिले थे तो शुक्रवार को यह आंकड़ा घटकर 228 पर आ गया इससे थोड़ी राहत की सांस जरूर मिली है। जिले में अब कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 6234 हो गई है।
3 से 10 वर्ष के बच्चे प्रभावित: कोरोना ने अपनी जकड़ में नवजात शिशुओं को भी लेना शुरू कर दिया है। इसमें 0 वर्ष से लेकर तीन-तीन वर्ष के मासूम के अलावा 9 व 10 वर्ष के बच्चे भी शामिल हैं। इसके अलावा बुजुर्गों की संख्या काफी ज्यादा है।
जिलेवासी नहीं ले रहे गंभीरता से : कोरोना को लेकर निवासी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। बाजारों में न तो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो रहा है और ना ही ज्यादातर लोग मास्क लगाए हुए नजर आ रहे हैं। ऐसी हालत में कोरोना संक्रमण को रोकना मुश्किल ही होगा।
प्रमुख क्षेत्रों से मिले कोरोना संक्रमित : कोरोनावायरस पूरे जिले में दिन पर दिन फैलता ही जा रहा है और इसकी चपेट में लगभग पूरा जिला आ चुका है। शुक्रवार को पुलिस लाइन, रेलवे कॉलोनी, सीआरपीएफ सेंटर, एनटीपीसी, मस्तूरी, वन विभाग कार्यालय, नेहरू नगर, दीनदयाल नगर आदि में मरीज पाए गए हैं।
मल्हार सहित चार गांवों को बनाया गया कंटेनमेंट जोन
कोरोना पॉजिटिव मिलने की वजह से मस्तूरी इलाके के मल्हार नगर पंचायत के साथ ही किरारी, जुनवानी और भिलौनी को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। यहां आवागमन प्रतिबंधित किया गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3hGmYIt
via
Comments
Post a Comment